झारखंड में भाजपा का स्थापना दिवस: आदित्य साहू बोले- गुमनाम कार्यकर्ताओं की तपस्या का फल है आज का शिखर

Jharkhand BJP Foundation Day: भारतीय जनता पार्टी ने अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे झारखंड में धूमधाम से मनाया. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रहित के लिए समर्पित पार्टी है, जिसका आधार करोड़ों कार्यकर्ताओं का त्याग है. पढ़ें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बारे में

By Sameer Oraon | April 6, 2026 10:29 PM

Jharkhand BJP Foundation Day, रांची (सतीश सिंह की रिपोर्ट): भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पार्टी का 47वां स्थापना दिवस पूरे झारखंड प्रदेश में उल्लास और गौरव के साथ मनाया. राजधानी रांची स्थित प्रदेश कार्यालय सहित राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों और पंचायतों में नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने आवासों पर पार्टी का गौरवशाली ध्वज फहराया. मुख्य कार्यक्रम रांची स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित हुआ, जहां प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर वक्ताओं ने भाजपा की विकास यात्रा और इसके वैचारिक अधिष्ठान पर विस्तार से प्रकाश डाला.

कांग्रेस के पतन और भाजपा के उत्कर्ष पर कटाक्ष

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार आधारित संगठन है. उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि 1984 में जब पार्टी को मात्र दो सीटें मिली थीं, तब कांग्रेस हमारा उपहास उड़ा रही थी, लेकिन आज कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि पूरी दुनिया उस पर हंस रही है. आदित्य साहू ने जोर देकर कहा कि जहां कांग्रेस केवल स्वार्थपूर्ति की राजनीति करती है, वहीं भाजपा का एकमात्र लक्ष्य राष्ट्रहित है. उन्होंने आज की सफलता का श्रेय उन करोड़ों गुमनाम कार्यकर्ताओं को दिया, जिन्होंने अपने खून-पसीने से इस राजनीतिक ‘वटवृक्ष’ को सींचा है.

Also Read: ड्रग्स मुक्त झारखंड के लिए हाईकोर्ट का मास्टर प्लान, स्कूलों में जागरूकता और तस्करों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश

राष्ट्र प्रथम: बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह का संबोधन

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के लिए देश हमेशा सर्वोपरि रहा है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल का स्मरण करते हुए कहा कि गठबंधन सरकार की सीमाओं के बावजूद उन्होंने परमाणु परीक्षण कर भारत की शक्ति का लोहा मनवाया था. बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 को हटाना जैसे दशकों पुराने लंबित कार्य भाजपा की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही संभव हो पाए हैं. वहीं, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने जनसंघ से भाजपा बनने तक के संघर्षपूर्ण सफर को रेखांकित करते हुए कहा कि संकल्प की शक्ति से ही आज पार्टी इस शिखर पर पहुंची है.

आगामी कार्यक्रमों की तैयार हुई रूपरेखा

स्थापना दिवस के इस पावन अवसर पर यदुनाथ पांडेय, सूर्यमणि सिंह, भानु प्रताप शाही और प्रतुल शाहदेव सहित सैकड़ों प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. पार्टी ने घोषणा की है कि स्थापना दिवस समारोह केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 12 अप्रैल तक राज्यभर में मंडल, पंचायत और प्रखंड स्तर पर विभिन्न रचनात्मक और सेवामूलक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यकर्ताओं ने इस दौरान ‘अंत्योदय’ के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावों में संगठन की मजबूती को और अधिक धार देने का सामूहिक संकल्प लिया.

Also Read: भाजपा स्थापना दिवस पर कांग्रेस का हमला, लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था पर उठाए सवाल