बोकारो में डालमिया भारत का ‘हेल्थ मिशन’: महिलाओं के लिए लगा स्पेशल कैंप, जांचीं गईं 100 से अधिक मरीज

Dalmia Bharat Foundation Bokaro: बोकारो के मराफारी में डालमिया भारत फाउंडेशन द्वारा महिलाओं और किशोरियों के लिए मुफ्त स्त्री रोग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक महिलाओं की जांच की गई.

By Sameer Oraon | July 6, 2026 8:26 PM

Dalmia Bharat Foundation Bokaro, बोकारो: देश की अग्रणी सीमेंट कंपनी डालमिया भारत लिमिटेड की सीएसआर इकाई, डालमिया भारत फाउंडेशन (DBF) ने बोकारो के मराफारी पंचायत में महिलाओं और किशोरियों के लिए एक विशेष स्त्री रोग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया. भारत में आज भी हर दूसरी किशोरी एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित है और जागरूकता के अभाव में महिलाएं प्रजनन संबंधी समस्याओं से जूझती हैं. इसी चुनौती को देखते हुए मासिक धर्म और प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया.

डॉ. सुधा देव की देखरेख में हुआ मुफ्त इलाज

इस एकदिवसीय स्वास्थ्य शिविर में मराफारी और आसपास के इलाकों से आईं 100 से अधिक महिलाओं और किशोरियों ने हिस्सा लिया. शिविर में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाली प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा देव ने अपनी दो सदस्यीय टीम के साथ स्वेच्छा से सेवाएं दीं. शिविर में आईं सभी महिलाओं की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा गहन स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें निःशुल्क परामर्श के साथ-साथ मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं.

Also Read: पूर्वी सिंहभूम में टला बड़ा रेल हादसा: कोयला लदी मालगाड़ी की बोगी में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

इलाके की मुखिया समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लाइन-II के प्रोजेक्ट हेड महेश शर्मा शामिल हुए. उनके साथ मराफारी पंचायत की मुखिया बसुकी देवी, पंचायत समिति सदस्य कल्याणी देवी, स्थानीय वार्ड सदस्य और लेडीज़ क्लब की सचिव भी मौजूद रहीं. बोकारो डीसीबीएल के यूनिट हेड सुनील कुमार भुसारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज की शुरुआत महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य से होती है. महिलाओं को सशक्त बनाकर ही हम देश का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं.

ग्रामीण विकास के लिए समर्पित है फाउंडेशन

डालमिया भारत फाउंडेशन अपने कार्यक्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है. फाउंडेशन स्थानीय समुदायों की प्राथमिकताओं के आधार पर योजनाएं तैयार करता है ताकि ग्रामीण इलाकों में लंबे समय तक सकारात्मक बदलाव लाया जा सके.

Also Read: हजारीबाग में 12 और 13 जुलाई को जिला स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट, विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार