CM हेमंत का मास्टरस्ट्रोक: अंडरग्राउंड कोयला खदानों में शुरू होगा पर्यटन, नेतरहाट में बनेगा ग्लास ब्रिज

Hemant Soren: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के अंडरग्राउंड कोल माइंस में इको टूरिज्म विकसित करने, नेतरहाट में ग्लास ब्रिज और पतरातू में रोपवे बनाने का निर्देश दिया. साथ ही खिलाड़ियों के लिए कड़े निर्देश जारी किए.

By Sameer Oraon | July 6, 2026 7:14 PM

रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट

Hemant Soren, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में अंडरग्राउंड कोल माइंस क्षेत्र में इको टूरिज्म विकसित करने का निर्देश दिया है. वह सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की समीक्षा कर रहे थे. सीएम निर्देश दिया कि राज्य के भीतर कई अंडरग्राउंड कोल माइंस क्षेत्र हैं. इन अंडरग्राउंड माइंस क्षेत्रों को चिन्हित कर टूरिज्म की संभावनाओं पर कार्य योजना बनायी जाये. मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, लातेहार, हजारीबाग, रांची सहित अन्य जिले जहां-जहां इको टूरिज्म की संभावनाएं हैं ऐसे जगहों को विकसित करने हेतु शीघ्र कार्य तैयार करने का निर्देश दिया. बैठक में विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार उपस्थित थे. सीएम ने कहा कि पर्यटन के विकास से राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगी साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नये अवसर भी सृजित किए जा सकेंगे.

झारखंड में इको टूरिज्म की असीम संभावनाएं

सीएम ने कहा कि झारखंड में इको टूरिज्म की असीम संभावनाएं हैं. यहां इको टूरिज्म सर्किट विकसित कर पर्यटन को नयी पहचान दिलाई जा सकती है. इसके लिए प्लान बनाकर आगे बढ़ें. राज्य के भीतर प्राकृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं इको टूरिज्म स्थलों का योजनाबद्ध एवं समग्र विकास सुनिश्चित करें. मुख्यमंत्री ने झारखंड राज्य की पर्यटन नीति तैयार करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया.

पतरातू समेत अन्य पर्यटक स्थलों में रोपवे बनायें

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पतरातू घाटी की सुंदरता देखने योग्य है. पतरातू व्यू पॉइंट बनाये जाने के कार्य को गति प्रदान करें तथा पतरातू सहित अन्य अन्य जरूरत वाले पर्यटन स्थलों पर रोपवे स्थापित किये जाने का प्लान तैयार करें. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि लातेहार जिले में अवस्थित नेतरहाट में ग्लास वॉच टावर अथवा ग्लास ब्रिज लगाये जाने की कार्य योजना बनाएं साथ ही वहां कोयल व्यू पॉइंट कॉटेज बनाने, ट्रैकिंग की सुविधा विकसित करने तथा स्विमिंग पूल आदि कार्यों पर के विकास पर बल दिया तथा लोध फॉल में इको टूरिज्म के बढ़ावा देने पर जोर दिया.

Also Read: आजाद भारत का पहला पावर प्लांट BTPS: जब सिर्फ दीवारों की पेंटिंग के लिए पंडित नेहरू ने टाल दिया था उद्घाटन

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सब्जी बेचते नजर नहीं आना चाहिए

सीएम ने खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिस्पर्धाओं में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों द्वारा सब्जी बेचने या अन्य कोई कार्य करने संबंधी सूचना या शिकायत नहीं आनी चाहिए. ऐसे खिलाड़ियों का डेटाबेस तैयार करें तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने संबंधी योजनाएं तैयार करें.

खेलगांव के मेंटनेंस की कार्ययोजना बनायें

सीएम ने खेलगांव में स्थापित मेगा स्पोर्ट्स व्यवस्था की अद्यतन स्थिति का सुक्षमता से आकलन कर उसका मेंटनेंस, वित्त प्रबंधन, खिलाड़ियों की मुलभूत सुविधाओं आदि से संबंधित कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया.

स्पोर्टस यूनिवर्सिटी का प्लान बायें

सीएम ने झारखंड में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए योजना तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही विभिन्न खेल के क्षेत्र में नामचीन व्यक्तियों को झारखंड में भ्रमण कराने तथा झारखंड के खिलाड़ियों को भी दूसरे राज्यों में एक्सपोजर विजिट कराने का निर्देश दिया.

12 हजार कलाकारों का हो चुका है निबंधन

कलाकारों के डेटाबेस के बाबत अधिकारियों ने सीएम को जानकारी दी कि राज्य में अबतक करीब 12 हजार कलाकारों का निबंधन हुआ है. सीएम ने सबका सत्यापन कराने का निर्देश दिया. बैठक में ललित कला, साहित्य कला एवं अन्य कलाओं के समग्र विकास पर चर्चा हुई. बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव मुकेश कुमार. निदेशक पर्यटन नमन प्रियेश लकड़ा, निदेशक खेल छवि रंजन, सहित अन्य उपस्थित थे.

Also Read: एससी-एसटी छात्रों की लग गई लॉटरी, यूपीएससी प्रीलिम्स क्रैक करने वालों को 1.5 लाख देगी झारखंड सरकार