झारखंड में बुजुर्गों और पेंशनरों के लिए बनेगा ‘स्पेशल सेल’, जल्द जारी होगा विशेष हेल्पलाइन नंबर

Jharkhand Special Cell: सिमडेगा में झारखंड राज्य पेंशनर समाज के 21वें स्थापना दिवस पर एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्पेशल सेल और हेल्पलाइन नंबर जारी करने की घोषणा की.

By Sameer Oraon | July 6, 2026 7:39 PM

सिमडेगा से रविकांत साहू की रिपोर्ट

Jharkhand Special Cell, सिमडेगा : झारखंड राज्य पेंशनर समाज जिला शाखा सिमडेगा के 21वें स्थापना दिवस सह वार्षिक अधिवेशन का आयोजन सोमवार, 6 जुलाई 2026 को बेहद सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया. इस भव्य कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीकांत एस खोटरे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर पेंशनर समाज के पदाधिकारियों ने एसपी को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम के दौरान एसपी ने बुजुर्गों और पेंशनभोगियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं.

बुजुर्गों की समस्याओं के लिए बनेगा स्पेशल सेल

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि जिले के पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है. इसके लिए जल्द ही जिले में एक विशेष सेल (Special Cell) का गठन किया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी थाना और ओपी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया जाएगा कि वे वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें. एसपी ने यह भी जानकारी दी कि पुलिस विभाग जल्द ही एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी करने जा रहा है, जिसके माध्यम से बुजुर्गों, पेंशनरों और अकेले रहने वाली वृद्ध महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता मिल सकेगी.

Also Read: प्रसव के बाद महिला की मौत, डंडई CHC में बवाल; सिविल सर्जन और प्रभारी चिकित्सक घंटों घिरे

साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील

सुरक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए एसपी ने वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड (Cyber Crime) को लेकर सभी को आगाह किया. उन्होंने अपील की कि किसी भी अनजान लिंक या झांसे में न आएं, खुद भी जागरूक रहें और अपने आस-पास के लोगों को भी बचाएं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूरत में तुरंत पुलिस को सूचित करें. इसके अलावा उन्होंने राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में पेंशनर समाज से सहयोग मांगा. उन्होंने कहा कि समाज के बुजुर्ग और अनुभवी नागरिक गांवों में युवाओं को सही संस्कार, नैतिक मूल्य और सकारात्मक सोच से जोड़ने में सबसे अहम भूमिका निभा सकते हैं. वरिष्ठ नागरिक युवाओं को नशे और सामाजिक कुरीतियों से दूर रखकर एक बेहतर समाज के निर्माण में मार्गदर्शन करें.

हॉकी के पुनर्जीवन और समाज सेवा में योगदान की सराहना

पुलिस अधीक्षक ने सिमडेगा में खेल संस्कृति, विशेषकर हॉकी के पुनर्जीवन में पेंशनर समाज द्वारा किए जा रहे प्रयासों और उनके योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की. उन्होंने कहा कि यह संस्था जिस समर्पण, जिम्मेदारी और सेवा भाव के साथ समाज हित में कार्य कर रही है, वह बेहद अनुकरणीय है. कार्यक्रम में झारखंड राज्य पेंशनर समाज के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य और सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे.

Also Read: हाईकोर्ट ने खारिज किया वन भूमि घोटाले की पीआईएल, सीबीआई-ईडी जांच से किया इनकार