आंधी में पेड़ की डाली गिरने से बाइक क्षतिग्रस्त

हिरणपुर. तेज हवा के कारण हिरणपुर थाना परिसर में एक पुराने बरगद के पेड़ की भारी डाली टूटकर एक बाइक पर गिर गई, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गया.

By SANU KUMAR DUTTA | March 21, 2026 6:02 PM

हिरणपुर. हिरणपुर में शुक्रवार की देर शाम अचानक आई आंधी और बारिश से मौसम जहां सुहाना हो गया, वहीं कई स्थानों पर नुकसान की भी खबर है. तेज हवा के कारण हिरणपुर थाना परिसर में एक पुराने बरगद के पेड़ की भारी डाली टूटकर एक बाइक पर गिर गई, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. इधर, आंधी-बारिश का असर किसानों पर भी पड़ा है. तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में लगी गेहूं, जौ और मसूर की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. किसानों ने बताया कि मौसम में हुए बदलाव से महुआ की फसल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है. अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है.