जामताड़ा के प्रिंस मुर्मू ने जेपीएल में झटके तीन विकेट

फतेहपुर. नारायणपुर प्रखंड के मालवा गांव के 21 वर्षीय युवा क्रिकेटर प्रिंस मुर्मू ने अपनी शानदार गेंदबाजी से जिले ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है.

By JIYARAM MURMU | June 10, 2026 8:32 PM

प्रतिनिधि, फतेहपुर. नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मालवा गांव के 21 वर्षीय युवा क्रिकेटर प्रिंस मुर्मू ने अपनी शानदार गेंदबाजी से जिले ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है. झारखंड प्रीमियर लीग (जेपीएल) बुधवार को खेला गया. उद्घाटन मुकाबले में प्रिंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम रांची टाइटंस की जीत में अहम भूमिका निभाई. उद्घाटन मैच में रांची टाइटंस का मुकाबला छोटा नागपुर रॉयल्स से हुआ. इस रोमांचक मैच में प्रिंस मुर्मू ने अपने चार ओवर के स्पेल में 39 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. उनकी सटीक और प्रभावी गेंदबाजी ने विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. प्रिंस मुर्मू दाएं हाथ के लेग स्पिन गेंदबाज हैं. अपनी फिरकी और विविधताओं से बल्लेबाजों को परेशान करने की उनकी क्षमता लगातार निखर रही है. जेपीएल जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. प्रिंस का मामा घर फतेहपुर के अगैया सरमुंडी है. उनके इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है.