बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलटा, चालक घायल
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिमरी बख्तियारपुर-बलवाहाट एनएच 107 पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया
By Dipankar Shriwastaw |
April 23, 2026 6:57 PM
सिमरी बख्तियारपुर.
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिमरी बख्तियारपुर-बलवाहाट एनएच 107 पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. भीखा गाछी के समीप उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब बालू लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया. इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल चालक की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बालू लदा ट्रक नवादा जिले के बकसोती से बालू लेकर सिमरी बख्तियारपुर होते हुए सहरसा की ओर जा रहा था. इसी दौरान गुरुवार सुबह जब ट्रक सरडीहा गांव के समीप भीखा गाछी पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक भारी वाहन को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा. देखते ही देखते ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन बाधित हो गया, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
...