शिक्षक संघ का ऐलान, मांगें पूरी नहीं होने पर होगा विधानसभा घेराव

Primary Teachers Conference Saharsa: सहरसा में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के कोसी प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन में प्रोन्नति, पूर्ण वेतनमान, पुरानी पेंशन और समय पर वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने तथा विधानसभा घेराव की चेतावनी दी गई.

By Shruti Kumari | July 6, 2026 10:52 AM

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Primary Teachers Conference Saharsa: बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के बैनर तले रविवार को प्रमंडलीय पुस्तकालय, सुपर बाजार में कोसी प्रमंडल स्तरीय शिक्षक संवाद सह सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन का उद्घाटन संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार पप्पू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सचिव सह जिलाध्यक्ष निरंजन कुमार तथा संचालन मधेपुरा जिलाध्यक्ष भुवन कुमार ने किया.

शिक्षकों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार पप्पू ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति, पूर्ण वेतनमान, पुरानी पेंशन, समय पर वेतन, स्थानांतरण सहित अन्य वैधानिक सुविधाएं मिलने तक संघ का आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि नियमावली में प्रावधान होने के बावजूद शिक्षकों को प्रोन्नति, स्थानांतरण और अन्य अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है.

सरकार के समक्ष रखीं प्रमुख मांगें

प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि-

  1. प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए.
  2. 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति दी जाए.
  3. स्नातक ग्रेड एवं प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाए.
  4. अंतरजिला एवं जिला स्तरीय स्थानांतरण लागू किया जाए.
  5. सप्तम वेतनमान के अनुरूप पूर्ण वेतनमान दिया जाए.
  6. पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए.
  7. ईपीएफ अंशदान में सुधार किया जाए.
  8. सेवा से मुक्त अप्रशिक्षित शिक्षकों की पुनर्बहाली की जाए.
  9. लंबित अनुकंपा नियुक्तियों का निष्पादन किया जाए.
  10. शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष की जाए.

विधानसभा घेराव की दी चेतावनी

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि शिक्षकों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो मानसून सत्र के दौरान बिहार विधानसभा का घेराव किया जाएगा.

कोशी स्नातक चुनाव में उतारेगा प्रत्याशी

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से विधानमंडल में उठाने के लिए आगामी कोशी स्नातक विधान परिषद चुनाव में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ अपना प्रत्याशी उतारेगा. इसका उद्देश्य शिक्षकों की आवाज को सदन तक मजबूती से पहुंचाना है.

एकजुट रहने का आह्वान

सम्मेलन को प्रदेश कोषाध्यक्ष अनवार करीम, उपाध्यक्ष शंभू यादव, प्रदेश सचिव निरंजन कुमार सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने शिक्षकों से संगठन के साथ एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि अब तक शिक्षकों को जो भी सुविधाएं मिली हैं, वे संघ के निरंतर संघर्ष का परिणाम हैं.

सम्मेलन में कोसी प्रमंडल उपाध्यक्ष रामविलास कुमार, मधुबनी जिलाध्यक्ष संजीव कामत, कटिहार जिलाध्यक्ष मो. तमीजउद्दीन, पूर्णिया जिलाध्यक्ष पवन जायसवाल, अररिया जिलाध्यक्ष जाफर रहमानी, सुपौल जिलाध्यक्ष पंकज जायसवाल सहित कोसी एवं सीमांचल क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे.

और पढ़ें : रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य तेज, भूमि अधिग्रहण की बाधा के बीच आगे बढ़ रहा प्रोजेक्ट