उपभोक्ताओं को सहूलियत देने के लिए बिजली विभाग ने लगाया दरबार

उपभोक्ताओं को सहूलियत देने के लिए बिजली विभाग ने लगाया दरबार

By Dipankar Shriwastaw | January 30, 2026 6:06 PM

बिजली विभाग में ईज ऑफ लिविंग के तहत जनता दरबार का हुआ आयोजन सहरसा . सात निश्चय थ्री के सातवें निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान की नीति के तहत विद्युत आपूर्ति प्रमंडल स्थित सभी विद्युत कार्यालयों में शुक्रवार को उपभोक्ताओं की शिकायत के निष्पादन को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया. उपभोक्ता द्वारा अपने गलत बिजली बिल, नये कनेक्शन लेने की प्रक्रिया की जानकारी व अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज करायी गयी. इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता ई अमित कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायत के त्वरित निष्पादन को लेकर शीर्ष कंपनी द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में शुक्रवार को दोपहर तीन से 4:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति अंचल कार्यालय, प्रमंडल कार्यालय व सभी अवर प्रमंडल एवं प्रशाखा कार्यालय में उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी गयी. उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों के लिए पंजी का संधारण किया गया है एवं उनके सतत अनुश्रवण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गयी है. उपभोक्ताओं को सहूलियत देने को लेकर बिजली कंपनी ने अपने सभी पदाधिकारियों को सोमवार एवं शुक्रवार को जनता की शिकायत सुनने एवं उसका निवारण करने के लिए विशेष शिविर आयोजित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इस जनसुनवाई व्यवस्था के तहत प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जायेगा व प्राप्त शिकायतों के निष्पादन को लेकर त्वरित कार्रवाई की जायेगी. जिससे उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़े. विद्युत कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी थी. यह योजना 19 जनवरी से जिले में प्रभावी रूप से लागू कर दी गयी है.