तीन दिनाें में स्कूल में दूसरी बार हुई चोरी

तीन दिनाें में स्कूल में दूसरी बार हुई चोरी

By Dipankar Shriwastaw | March 9, 2026 6:13 PM

एलसीडी, यूपीएस व दो पंखा ले गये चोर सोनवर्षाराज.थाना क्षेत्र में चोरों का उत्पात बढ़ने से आमजनों की परेशानियां बढ गयी हैं. रविवार की रात बरैठ पंचायत के उत्क्रमित उच्च विद्यालय तमकुल्हा में मात्र तीन दिनों के अंदर अज्ञात चोरों द्वारा दूसरी बार चोरी कर एलसीडी, यूपीएस एवं दो पंखों की चोरी कर ली गयी है. घटना के बाद विद्यालय के प्रभारी एचएम रूपेश कुमार ने सोनवर्षा थाना को आवेदन देकर चोरी हुए सामानों के बरामदगी व चोरों पर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगायी है. एचएम श्री कुमार ने बताया कि रविवार को अज्ञात चोरों ने कक्षा नवम के दरवाजे की कुंडी को काटकर क्लास रुम में रखा एलजी कंपनी का 65 इंच का एलसीडी, यूपीएस एवं दो पंखों की चोरी कर ली. इससे पूर्व 5 मार्च को अज्ञात चोरों ने स्मार्ट क्लास के दरवाजे का ताला तोड़ एक यूपीएस की चोरी कर ली थी. उस घटना के बाद भी एचएम ने सोनवर्षा थाना पुलिस को आवेदन देकर चोरी किये गये सामानों की बरामदगी एवं चोरों पर कार्रवाई का आग्रह किया था. लेकिन चोर का पता तो नहीं ही चल सका, उल्टा दूसरा एलसीडी एवं यूपीएस की भी चोरी कर ली गयी. घटना के बाद पुलिस ने स्कूल पहुंच कर मामले की छानबीन की. हालांकि थाना संजय कुमार सत्यार्थी का कहना है कि 3 मार्च को स्कूल में एलसीडी की चोरी नहीं हुई थी. एलसीडी की चोरी 8 मार्च को हुई है.