नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण से बढ़ी जाम की समस्या, आम जनजीवन प्रभावित

नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों अतिक्रमण की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है. शहर के मुख्य बाजार, सड़कों एवं चौक-चौराहों पर अवैध कब्जों के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

By MD. TAZIM | May 4, 2026 12:16 PM

सहरसा. नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों अतिक्रमण की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है. शहर के मुख्य बाजार, सड़कों एवं चौक-चौराहों पर अवैध कब्जों के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने, ठेला-खोमचा लगाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. खासकर व्यस्त समय में जाम की स्थिति बन जाती है. जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों एवं ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. लगातार लगने वाला ट्रैफिक जाम, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते का अभाव, आपातकालीन सेवाओं एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड को पहुंचने में देरी, शहर की सुंदरता व व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डालता है.

प्रशासन की भूमिका पर उठ रहे सवाल

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाया जाता है, लेकिन यह अभियान स्थायी समाधान नहीं दे पाता है. कुछ दिनों बाद फिर से वही स्थिति बन जाती है. समय रहते इस समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में यातायात एवं शहरी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है.