Saharsa News : प्रभात खबर में खबर छपते ही स्वास्थ्य विभाग में हलचल, सीएस पहुंचे चन्द्रायण रेफरल अस्पताल

चन्द्रायण रेफरल अस्पताल में गुप्त रूप से पदस्थापित डॉक्टर रोहित कुमार से जुड़ा गंभीर मामला 29 अप्रैल को प्रभात खबर में प्रमुखता से उजागर किया गया.

By MD. TAZIM | April 29, 2026 3:41 PM

सहरसा से राजेश डेनजील की रिपोर्ट Saharsa News : सहरसा जिले के नवहट्टा स्थित चन्द्रायण रेफरल अस्पताल में गुप्त रूप से पदस्थापित डॉक्टर रोहित कुमार से जुड़ा गंभीर मामला 29 अप्रैल को प्रभात खबर में प्रमुखता से उजागर किया गया. रिपोर्ट में बताया गया कि डॉक्टर रोहित कुमार का नाम न तो उपस्थिति पंजी में दर्ज है और न ही ड्यूटी रोस्टर में शामिल है, जिससे उनकी तैनाती और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. इससे पहले 27 अप्रैल को इसी अस्पताल के डॉक्टर संतोष कुमार द्वारा फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज करने का मामला भी सामने आया था, जिसे प्रभात खबर ने प्रकाशित किया था. वहीं चार अप्रैल को नवहट्टा सीएचसी में दो चिकित्सकों की फर्जी उपस्थिति का मामला भी उजागर किया गया था. लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है. लगातार प्रकाशित हो रही खबरों के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. राज नारायण प्रसाद स्वयं नवहट्टा के चन्द्रायण रेफरल अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान संबंधित अभिलेखों की जांच की गयी तथा स्थिति की जानकारी ली गयी.