700 में से 419 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का किया प्रयोग, 59 प्रतिशत हुई वोटिंग
प्रखंड क्षेत्र के सिटानाबाद उत्तरी प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया.
सिटानाबाद उत्तरी पैक्स चुनाव का मतदान संपन्न
अध्यक्ष पद के लिए बिजेंद्र यादव व वरुण यादव के बीच सीधी टक्कर
सिमरी बख्तियारपुर. प्रखंड क्षेत्र के सिटानाबाद उत्तरी प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा गया और केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ जयकिशन के अनुसार कुल 700 मतदाताओं में से 419 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो करीब 59 प्रतिशत मतदान है. इसमें 131 महिला और 288 पुरुष मतदाता शामिल रहे. अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष बिजेंद्र यादव और उनके प्रतिद्वंदी वरुण यादव के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है. पूरे दिन दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने उम्मीदवार के पक्ष में सक्रिय नजर आये. मतदान को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. मतदान केंद्र पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ जयकिशन तथा इंस्पेक्टर मो शुजाउद्दीन ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. देर शाम तक परिणाम घोषित होने की संभावना है. ग्रामीणों की नजरें अब चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं.
