सहरसा में टेम्पु स्टैंड नहीं, फिर भी चालकों से हो रही वसूली

Saharsa news: स्थानीय लोगों और टेम्पु चालकों का कहना है कि बिना किसी सुविधा के प्रत्येक ट्रिप पर चालकों से दस रुपये की वसूली की जा रही है. इससे छोटे वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.

By Shruti Kumari | May 25, 2026 1:48 PM

सोनवर्षाराज (सहरसा) से मुकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट:

Saharsa news: सोनवर्षा नगर पंचायत में स्थायी टेम्पु स्टैंड नहीं होने के बावजूद चालकों से लगातार शुल्क वसूले जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं. नगर पंचायत गठन के बाद से ही टेम्पु पड़ाव के नाम पर ठेका दिया जा रहा है, जबकि अब तक स्थायी स्टैंड की व्यवस्था नहीं हो सकी है.

स्थानीय लोगों और टेम्पु चालकों का कहना है कि बिना किसी सुविधा के प्रत्येक ट्रिप पर चालकों से दस रुपये की वसूली की जा रही है. इससे छोटे वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत गठन के बाद पहले वर्ष टेम्पु पड़ाव का ठेका करीब 10 लाख रुपये में हुआ था. इसके बाद दूसरे वर्ष यह राशि बढ़कर लगभग 27 लाख रुपये तक पहुंच गई. इसके बावजूद चालकों को शेड, पेयजल, शौचालय और स्थायी पड़ाव जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं.

इधर मार्च माह में टेम्पु पड़ाव को लेकर फिर से ठेका प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन इस बार केवल एक व्यक्ति केतन सिंह ने ही बोली लगाई. दूसरा कोई बोलीदाता सामने नहीं आने से ठेका प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिस्पर्धा नहीं होने से पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं.

टेम्पु चालकों ने मांग की है कि नगर पंचायत पहले स्थायी स्टैंड और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराए, उसके बाद ही किसी प्रकार की वसूली की जाए.

इस संबंध में नगर कार्यपालक पदाधिकारी नवीन ने बताया कि विभाग द्वारा वसूली की जाती है. साथ ही टेम्पु चालकों के लिए स्थायी स्टैंड की व्यवस्था का जल्द समाधान किया जाएगा.