बढ़ते अपराध, दुराचार, हत्या की घटना के खिलाफ एडवा ने निकाला प्रतिरोध मार्च

अखिल भारतीय जनवादी महिला जिला कमेटी ने रविवार को बलात्कार एवं हत्या के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकालकर चांदनी चौक पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया.

By Dipankar Shriwastaw | January 18, 2026 6:25 PM

उपमुख्यमंत्री का किया पुतला दहन

सहरसा. अखिल भारतीय जनवादी महिला जिला कमेटी ने रविवार को बलात्कार एवं हत्या के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकालकर चांदनी चौक पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया. जिसका नेतृत्व एडवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपरी देवी, जिला सचिव अनिता देवी, चंद्रकला देवी, सुकनी देवी, सोनी देवी, रंजना देवी, नीलम देवी, टिंकी कुमारी, सरिता देवी सहित दर्जनों महिला नेत्री कर रही थी. पुतला दहन के बाद सुकनी देवी की अध्यक्षता में सभा को संबोधित करते राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपरी देवी एवं जिला सचिव अनिता देवी ने कहा कि बिहार में जब से नयी सरकार बनी है एवं सम्राट चौधरी गृहमंत्री बने हैं, बिहार में अपराध की घटना बढ गयी है. बलात्कार एवं हत्या की बाढ़ आ गयी है. खगड़िया में चार साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म एवं उसकी हत्या, मधेपुरा में विधवा युवती के साथ बंदूक की नोंक पर दुष्कर्म व हत्या, पटना में हॉस्टल में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म व निर्ममता पूर्वक हत्या मानवता को कलंकित कर दिया है. इतनी बड़ी घटना पर सरकार चुप है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शर्म करना चाहिए. एडवा मांग करती है कि इस प्रकार की घटना की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो, सभी छात्रावास में सुरक्षा की गारंटी हो, अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाये एवं पीड़ित परिवार को मुआवजा व सुरक्षा मिले. पुतला दहन कार्यक्रम में दर्जनों महिलाएं शामिल थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है