पुलिस ने की सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल

पुलिस ने की सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल

By Dipankar Shriwastaw | February 27, 2026 6:40 PM

बच्चों के बीच वितरित किया पाठ्य सामग्री, भोजन का भी चखा स्वाद पतरघट बिहार पुलिस सप्ताह के मौके पर शुक्रवार को पतरघट पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल का शुभारंभ किया गया. अपर थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार, पुअनि प्रशांत कुमार, पुअनि नंदन कुमार व पुअनि निधि गुप्ता द्वारा पुलिस बल के सहयोग से जम्हरा पंचायत स्थित एनपीएस प्राथमिक विद्यालय भरना टोला पहुंचकर छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी और कलम का वितरण किया गया. इस दौरान मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि पतरघट पुलिस द्वारा ऐसे कार्यक्रम का आयोजन कर बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पुलिस और आमजनों के बीच बेहतर व सकारात्मक संबंध स्थापित करना है. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बेहतर समाज की मजबूत नींव होती है. उन्होंने मौजूद अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजे जाने के साथ-साथ मन लगाकर पढ़ाई-लिखाई के लिए प्रेरित किए जाने की अपील की. इस दौरान पुअनि निधि गुप्ता ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन, सुरक्षा व समाज के प्रति अपने दायित्वों के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए खासकर बच्चों को नशामुक्ति व कानून के प्रति जागरूक रहने का भी संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन का भी स्वाद चखा. इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया. विद्यालय के शिक्षकों ने बिहार पुलिस की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत होगी.