आम जनता के लिए लगा नोट व सिक्का विनिमय मेला

आम जनता के लिए लगा नोट व सिक्का विनिमय मेला

By Dipankar Shriwastaw | February 17, 2026 6:21 PM

बैंक कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन सहरसा . भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जिले में कार्यरत बैंक कर्मियों के लिए मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत कटे-फटे व गंदे नोटों के बदले जाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया. जिससे बैंकों द्वारा अधिक से अधिक लोगों को इससे संबंधित बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध करायी जाये. इसके साथ ही बैंक नोटों की सुरक्षा विशेषताओं एवं असली-नकली नोटों की पहचान पर विस्तृत जानकारी साझा की. इसके अतिरिक्त आम जनता की सुविधा एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए कचहरी चौक, शंकर चौक, मनोहर स्कूल के समीप एवं पूरब बाजार सहित अन्य स्थानों पर नोट एवं सिक्का एक्सचेंज मेले का भी आयोजन किया गया. इन मेलों के माध्यम से जनता को सरलता से गंदे, कटे-फटे नोटों व सिक्कों के बदले जाने की सुविधा उपलब्ध करायी गयी. इस दौरान जनता को यह जानकारी दी गयी कि गंदे, कटे-फटे नोटों व सिक्कों के बदले जाने की सुविधा हर बैंक शाखा में, बिना बैंक खाते के भी, समान रूप से उपलब्ध है. जिसका वे लाभ उठा सकते हैं. इस दौरान आम नागरिकों के बीच नोट व सिक्का विनिमय सुविधा से संबंधित नॉलेज कार्ड भी वितरित किया गया. इन कार्यक्रमों ने कटे-फटे एवं गंदे नोटों के बदले जाने की प्रक्रिया समझाने, जाली नोटों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.