एमएलटी कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, सत्रारम्भ कार्यक्रम में राज्यपाल का प्रेरक संदेश सुनाया गया
MLT College Saharsa Session Commencement: सहरसा के एमएलटी कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए सत्रारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान राज्यपाल का प्रेरक संदेश सुनाया गया और नई शिक्षा नीति की जानकारी दी गई.
सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट:
MLT College Saharsa Session Commencement: एमएलटी कॉलेज में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में स्नातक सेमेस्टर-प्रथम के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए सत्रारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा, अनुशासन, नई शिक्षा नीति और समग्र व्यक्तित्व विकास की अवधारणा से परिचित कराना था.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. स्वागत संबोधन में उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें महाविद्यालय के अनुशासन, शैक्षणिक वातावरण और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी.
राज्यपाल का प्रेरक संदेश सुनाया गया
इस अवसर पर राज्यपाल सह कुलाधिपति का प्रेरणादायक वीडियो संदेश भी विद्यार्थियों को सुनाया गया. अपने संदेश में राज्यपाल ने उच्च शिक्षा के महत्व, नैतिक मूल्यों, नवाचार, नियमित अध्ययन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष बल दिया.
नई शिक्षा नीति और एनएसएस की दी जानकारी
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया. उन्होंने नई शिक्षा नीति (एनईपी), सेमेस्टर प्रणाली तथा एनएसएस के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के विभिन्न अवसरों की भी विस्तृत जानकारी दी.
धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम के अंत में परीक्षा नियंत्रक सह एनएसएस कार्यक्रम संयोजक डॉ. बलवीर कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. उन्होंने राज्यपाल, प्राचार्य, सभी शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और उपस्थित छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डॉ. सुमन झा, डॉ. संजीव झा, डॉ. विनीत शर्मा, डॉ. बी.एन. झा, डॉ. कौशल किशोर झा, डॉ. दीप्ति कुमारी, डॉ. वीणा कुमारी, डॉ. अन्नू कुमारी, डॉ. संयुक्ता कुमारी, डॉ. जयंता गांगुली, डॉ. आदित्य पाठक, डॉ. हिमांशु कुमार, डॉ. अक्षय सिद्धांत, डॉ. रौशन कुंवर, डॉ. महेश राम, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. गोपाल झा, डॉ. अरविंद, डॉ. एकता, डॉ. आनंद कुमार, डॉ. कोमल वर्मा सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेवकों ने किया.
