कोचिंग जाने के दौरान नाबालिग छात्रा लापता, अपहरण की प्राथमिकी दर्ज
Saharsa News:कोचिंग जाने के दौरान 14 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
By Dipankar Shriwastaw |
June 4, 2026 5:18 PM
कोचिंग से घर नहीं लौटी छात्रा, परिजनों ने जतायी अनहोनी की आशंका
सहरसा:
सदर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी लालकुन यादव की 14 वर्षीय पुत्री रहस्यमय ढंग से लापता हो गयी है. इस मामले में परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए सदर थाना में आवेदन दिया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कोचिंग के लिए निकली थी छात्रा
पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री 2 जून की सुबह करीब छह बजे साइकिल से खंतर चौक स्थित जेएन कोचिंग में पढ़ने के लिए घर से निकली थी. कोचिंग की छुट्टी होने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटी. परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका.
दो लोगों पर अपहरण का आरोप
आवेदन में बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के खजुरी निवासी साहिल पासवान व उसके पिता जीतेंद्र पासवान पर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है. परिजनों का कहना है कि खंतर चौक के समीप से दोनों ने छात्रा का अपहरण कर लिया. पिता ने आशंका जतायी है कि उनकी पुत्री के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है तथा उसकी जल्द बरामदगी की मांग की है.
सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर छात्रा की तलाश में जुटी हुई है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
...