युवा आपदा मित्र शिविर के दौरान कैडेट्स को दिया गया ड्रोन का प्रशिक्षण

युवा आपदा मित्र शिविर के दौरान कैडेट्स को दिया गया ड्रोन का प्रशिक्षण

By Dipankar Shriwastaw | February 23, 2026 6:43 PM

डेमो के माध्यम से दी गयी महत्वपूर्ण जानकारी सहरसा . 17 बिहार बटालियन एनसीसी सहरसा व भागलपुर ग्रुप द्वारा 18 फरवरी से चलाये जा रहे दस दिवसीय युवा आपदा मित्र शिविर के दौरान कमांडिंग ऑफिसर एवं कैंप कमांडेंट कर्नल बी सत्यानारयण की देखरेख में सोमवार को एनसीसी कैडेट्स को ड्रोन का बचाव एवं राहत कार्यों में प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया. नायब सूबेदार विजय बहादुर एवं पूर्व प्रशिक्षित एनसीसी कैडेट्स सीक्यूएमएस आलोक कुमार ने ड्रोन के उपयोग, संचालन, राहत कार्यों में प्रयोग का डेमो दिया. जिसमें ड्रोन का उपयोग करने के तरीके एवं सुरक्षा उपायों पर जानकारी दी. इस अभ्यास में कैडेटों ने सिम्युलेटर के माध्यम से ड्रोन उड़ाना सीखा एवं फिर उन्होंने वास्तविक ड्रोन के साथ अभ्यास किया. कैंप कमांडेंट कर्नल बी सत्यनारायण ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को मिशन प्लानर के साथ ड्रोन की कार्यप्रणाली, उसकी प्रोग्रामिंग, ऑपरेशन एवं हैंडलिंग की बारीकियों को समझना भी आवश्यक है. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य था कि कैडेट्स पहले सिम्युलेटर के जरिए पूरी प्रक्रिया को समझें. जिससे वे आगे चलकर वास्तविक ड्रोन उड़ाने में आत्मनिर्भर व आत्मविश्वासी बन सके. उनहोंने कहा कि इस ट्रेनिंग में ड्रोन के विभिन्न पार्ट्स को असेंबल करना, उसे उड़ान के लिए तैयार करना व रिमोट कंट्रोल से ऑपरेशन करना भी सभी कैडेट्स के लिए आवश्यक है.. ड्रोन ही वर्तमान एवं भविष्य की टेक्नोलॉजी है. इस मौके पर ड्रोन द्वारा मेडिसिन, खाद्य सामग्री, सर्विलांस सहित अन्य सामग्री पहुंचने का भी डेमो दिखाया गया. कैंप मेजर डॉ गौतम कुमार, एसएम लेफ्टिनेंट मो रकीब, बीएचएम हवलदार शिवा मौजूद थे.