तीसरे दिन भी डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर अनशन जारी, तीन अनशनकारियों की बिगड़ने लगी तबीयत

प्रखंड मुख्यालय नवहट्टा में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है.

By Dipankar Shriwastaw | June 10, 2026 5:45 PM

नवहट्टा. प्रखंड मुख्यालय नवहट्टा में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. सोमवार से शुरू धरना कार्यक्रम और मंगलवार से प्रारंभ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल चौथे दिन बुधवार को भी जारी रहा. वर्तमान में विष्णुदेव महतो, पृथ्वी सदा एवं संतोष साहनी अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे हैं. लगातार चार दिनों से अनशन पर रहने के कारण तीनों अनशनकारियों की तबीयत बिगड़ने लगी है. इसके बावजूद अब तक जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक डिग्री कॉलेज को नवहट्टा प्रखंड मुख्यालय में स्थापित करने का निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. धरना एवं अनशन कार्यक्रम को प्रखंड क्षेत्र के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है. बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ा रहे हैं. लोगों का कहना है कि प्रखंड मुख्यालय में डिग्री कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य के लिए आवश्यक है. धरना एवं अनशन कार्यक्रम में डिग्री कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार रवि, देवेंद्र मेहता, अरुणेश कुमार सिंह, मो हाशिम आलम, पूर्व मुखिया रूपम देवी, अभिमन्यु कुमार, मो नवाब अली, रिंकू खान, मो सज्जों, पृथ्वी सदा, समिति के कोषाध्यक्ष राजीव शाह सहित सैकड़ों की संख्या में प्रखंडवासी मौजूद रहे. आंदोलनकारियों ने प्रशासन से अविलंब वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने एवं डिग्री कॉलेज को नवहट्टा मुख्यालय में स्थापित करने की मांग की है. वहीं धरना स्थल पर लगातार लोगों की भीड़ जुट रही है एवं आंदोलन के प्रति समर्थन बढ़ता जा रहा है.