आपराधिक वारदात की साजिश नाकाम, कट्टा के साथ चार युवक गिरफ्तार

नवहट्टा थाना पुलिस ने सक्रियता एवं सूझबूझ का परिचय देते एक बड़ी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया.

By Dipankar Shriwastaw | June 7, 2026 6:07 PM

नवहट्टा. नवहट्टा थाना पुलिस ने सक्रियता एवं सूझबूझ का परिचय देते एक बड़ी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया. पुलिस ने नगर पंचायत नवहट्टा के शाहिडीह स्थित बाबा राजेश्वर स्थान के पूरब बगीचा से चार युवकों को एक कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों की पहचान सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के घोरे गांव निवासी मो मजहर पिता बदरुल अंसारी, अर्श अंसारी पिता मो आदिल अंसारी, मो एहसान अंसारी पिता मो हसन एवं मो साहिल पिता मो मुस्तकीम के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि चार युवक कट्टा के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एवं घेराबंदी कर सभी युवकों को धर दबोचा. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने युवकों के पास से एक कट्टा बरामद किया. पुलिस टीम की तत्परता, साहस एवं रणनीतिक कार्रवाई के कारण संदिग्धों को भागने का मौका नहीं मिला. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अभियान में एसआई जगरनाथ कुशवाहा, चौकीदार संघ के जिलाध्यक्ष मोहन पासवान सहित अन्य सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे. नवहट्टा थाना पुलिस की इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है. पुलिस लगातार अपराध एवं अपराधियों पर नकेल कसने के लिए सक्रिय अभियान चला रही है.