नेहरू मोहल्ला से हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार

नेहरू मोहल्ला से हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार

By Dipankar Shriwastaw | February 16, 2026 6:59 PM

पुलिस की छापेमारी में पिस्टल बरामद, सहरसा न्यायालय भेजा गया आरोपी सिमरी बख्तियारपुर .बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नेहरू मोहल्ला से बख्तियारपुर पुलिस ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर एक बदमाश को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद किया गया. सोमवार को बख्तियारपुर थाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि रविवार को थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार को सूचना मिली थी कि नेहरू मोहल्ला वार्ड संख्या 24 स्थित रितेश कुमार की दुकान पर एक बदमाश हथियार लेकर बैठा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष ने गश्ती दल में शामिल दारोगा स्वीटी कुमारी को छापेमारी का निर्देश दिया. पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, पुलिस को देखकर बदमाश हथियार फेंककर भागने लगा. हालांकि मौजूद पुलिस बल ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में पकड़े गये बदमाश ने अपनी पहचान गायत्री नगर वार्ड संख्या 28 निवासी गुरुमेल गुप्ता के पुत्र मनोहर कुमार के रूप में बतायी. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश को सोमवार को सहरसा न्यायालय भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. प्रेसवार्ता में थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.