आरण गांव में देर रात घर पर बमबाजी, धमाके से मकान ध्वस्त, लाखों की संपत्ति जलकर राख
Aran Village Bomb Attack: सहरसा के बिहरा थाना क्षेत्र के आरण गांव में देर रात एक घर पर कथित बमबाजी की घटना में मकान क्षतिग्रस्त हो गया और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. पुलिस जमीन विवाद समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
सत्तरकटैया (सहरसा) से रिपोर्ट:
Aran Village Bomb Attack: जिले के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आरण गांव के वार्ड संख्या-13 में मंगलवार की देर रात एक घर पर कथित रूप से बमबाजी की घटना हुई. धमाके में घर का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया, जबकि आग लगने से लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
प्रमुख जानकारी
धमाके से जागे परिजन, घर में लगी आग
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी गजेंद्र यादव अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. देर रात अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर सभी की नींद खुल गई. बाहर निकलकर देखा तो घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका था और उसमें आग लगी हुई थी. इसके बाद गृहस्वामी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
लाखों की संपत्ति जलकर हुई नष्ट
घटना में एलबेस्टर का बना घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
जमीन विवाद के एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक तौर पर मामले के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.
गांव में दहशत का माहौल
देर रात हुई इस घटना के बाद आरण गांव में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
और पढ़ें: 70-80 करोड़ की कथित अनियमितता की जांच शुरू, नगर निगम पहुंची प्राक्कलन समिति
