फोरलेन पर लूटपाट करने वाले गिरोह का बदमाश गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर-मोतिहारी फोरलेन पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का एक बदमाश पकड़ा गया.

By Prabhat Khabar News Desk | May 23, 2024 10:33 PM

मोतिहारी.मुजफ्फरपुर-मोतिहारी फोरलेन पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का एक बदमाश पकड़ा गया. दो बाइक पर सवार पांच बदमाश एक राहगीर को घेर उसके गले से हनुमानी लॉकेट छीन रहे थे. इस बीच पुलिस की गश्ती टीम पहुंच गयी, जिसके पांचों बदमाश भागने लगे. पुलिस ने खदेड़कर एक बदमाश को पकड़ लिया. वहीं चार बदमाश भागने में सफल रहे. उसके पास से एक देसी पिस्टल, एक कारतूस व चोरी का चेन बरामद हुआ है. चकिया डीएसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश विशाल मली मुफस्सिल थाने के ढेकहा मनिया टोला का रहने वाला है. पूछताछ में उसने फरार सहयोगियों के नाम का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि फरार दो बदमाश का क्राइम रिकॉर्ड है. सभी चिह्नित कर लिए गये हैं. उनकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से एनएच 27 पर लूटपाट व छिनतई की शिकायत लगातार अर रही थी. इस दौरान एनएच पर पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गयी थी. बुधवार की रात दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने बाजार से लौट रहे साइकिल सवार एक व्यक्ति को घेर उसके गले से हनुमानी लॉकेट छीनने की कोशिश की. साइकिल सवार गिर गया. वह शोर मचाने लगा. तबतक पुलिस की गश्ती टीम पहुंच गयी. भाग रहे एक बदमाश को पकड़ लिया. डीएसपी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में पिपरा थानाध्यक्ष सुनील कुमार, दारोगा सुदेश्वर राम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवानों ने फरार बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली. डीएसपी ने कहा कि बहुत जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है