पूर्वी चंपारण में राशन घोटाले पर एक्शन, जांच के बाद दो डीलरों का लाइसेंस सस्पेंड

Motihari PDS Action: पूर्वी चंपारण के सदर प्रखंड की उत्तरी ढेकहा पंचायत में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सही पाए जाने पर आपूर्ति विभाग ने दो पीडीएस दुकानदारों का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विभाग ने कहा कि राशन वितरण में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

By Purushottam Kumar | July 6, 2026 8:15 PM

मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट

Motihari PDS Action: पूर्वी चंपारण के सदर प्रखंड अंतर्गत उत्तरी ढेकहा पंचायत में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सही पाए जाने के बाद आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच में दोषी पाए गए दो जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

Motihari News: लाभुकों की शिकायत पर हुई जांच

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) कृष्णकांत कुमार ने बताया कि लाभुकों द्वारा राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कराई गई. जांच में दोनों पीडीएस दुकानदारों पर लगे आरोप सही पाए गए, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए उनका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया.

राशन वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

एमओ कृष्णकांत कुमार ने कहा कि जन वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. लाभुकों को निर्धारित मात्रा में समय पर राशन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की कोताही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सभी पीडीएस दुकानों की होगी नियमित निगरानी

उन्होंने बताया कि जिले की सभी जन वितरण प्रणाली की दुकानों की नियमित निगरानी की जा रही है. जहां भी शिकायत मिलेगी, तत्काल जांच कर दोषी दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

अन्य डीलरों में मचा हड़कंप

दो पीडीएस दुकानदारों के निलंबन के बाद जिले के अन्य राशन डीलरों में भी हड़कंप मच गया है. विभाग ने लाभुकों से अपील की है कि यदि राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें.

यह भी पढ़ें: बिजली व्यवस्था सुधार पर विधायक ने दिए सख्त निर्देश, जर्जर तार और ट्रांसफॉर्मर बदलने पर जोर