मोतिहारी: पकड़ीदयाल में 72 घंटे में छह घरों में चोरी, 64 लाख के गहने और नकदी गायब

पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल में 72 घंटे के भीतर छह घरों में चोरी की बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. पढ़ें पूरी खबर...

By Sarfaraz Ahmad | May 26, 2026 5:24 PM

मोतिहारी के पकड़ीदयाल से नवीन कुमार की रिपोर्ट

Motihari News: पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने 72 घंटे के भीतर छह घरों का ताला तोड़कर करीब 64 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगर पंचायत समेत ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है.

सेवानिवृत्त शिक्षक के घर से लाखों की चोरी

बीते 22 मई की रात अज्ञात चोरों ने बड़का गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ओंकार सिंह और उनके पट्टीदार शैलेन्द्र कुमार के घर का ताला तोड़ दिया.

चोर करीब आठ लाख रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए. घटना के समय परिवार के लोग इलाज के लिए पटना गए हुए थे.

नहर रोड में दो घरों को बनाया निशाना

24 मई की रात नगर पंचायत वार्ड संख्या-02 स्थित नहर रोड निवासी सुरेंद्र साह के घर का ताला तोड़कर चोरों ने तीन लाख रुपये नकद समेत करीब चार लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए.

उसी रात उनके किरायेदार संजय प्रसाद के घर से भी 18 लाख रुपये के नकदी और आभूषण चोरी कर लिए गए.

बताया गया कि घटना के समय सुरेंद्र साह फेनहारा गए हुए थे, जबकि संजय प्रसाद अपनी बहन के श्राद्ध में झारखंड गए थे.

एक ही रात में दो और घरों में चोरी

25 मई की रात नगर पंचायत वार्ड संख्या-06 निवासी पृथ्वी चन्द्र प्रसाद के घर का ताला तोड़कर चोरों ने दो लाख रुपये नकद सहित करीब 23 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए.

इसी रात उनके पड़ोसी मनीष कुमार के घर से भी करीब छह लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए गए.

दहशत में लोग, पुलिस जांच में जुटी

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है. पुलिस सभी प्रभावित घरों में जाकर जांच कर रही है, लेकिन अब तक न तो चोरों का सुराग मिल पाया है और न ही चोरी की घटनाएं थम रही हैं.

इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.