सीट, डिक्की और टंकी में छिपाकर ले जा रहा था शराब, पुलिस ने पकड़ा तस्करी का ये तरीका

Motihari News: मोतिहारी नगर थाना पुलिस ने चोरी की बाइक से 40 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की. आरोपी बाइक की सीट, डिक्की और तेल टंकी में शराब छिपाकर ले जा रहा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की.

By Aaruni Thakur | July 5, 2026 12:14 PM

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

Motihari News: मोतिहारी में शराब तस्करी का एक अनोखा तरीका सामने आया है. नगर थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की तो उसके भीतर बने गुप्त स्थानों से करीब 40 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई. शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि जिस बाइक से शराब ले जाई जा रही थी, वह चोरी की है.

यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके

बेलबनवा चौक पर पुलिस को हुआ शक

इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के बेलबनवा चौक के पास गश्ती के दौरान एक मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी. पुलिस ने चालक को रोककर वाहन की तलाशी ली.

तलाशी के दौरान पुलिस भी उस समय हैरान रह गई, जब बाइक की तेल टंकी, डिक्की और सीट के अंदर विशेष तरीके से छिपाकर रखी गई करीब 40 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई.

मौके से तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से सफाउद्दीन अंसारी, पिता नवाजी अंसारी, निवासी सेनवरिया, थाना चिरैया, जिला पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ के दौरान पुलिस ने बाइक के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें मोटरसाइकिल चोरी की होने की बात सामने आई.

चोरी की बाइक की भी होगी जांच

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

साथ ही बरामद मोटरसाइकिल चोरी की कैसे हुई, उसका असली मालिक कौन है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है, इसकी भी जांच की जा रही है.

पुलिस की कार्रवाई जारी

नगर थाना पुलिस का कहना है कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए जिले में लगातार वाहन जांच और गश्ती अभियान चलाया जा रहा है. इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: हर साल क्यों डूब जाता है मुजफ्फरपुर? नेपाल से लेकर बूढ़ी गंडक तक जानिए बाढ़ की पूरी कहानी