लाखों से बना बास्केटबॉल कोर्ट बदहाल, झाड़ियों में घिरा खेल मैदान, खिलाड़ी परेशान

Motihari News: मोतिहारी के कोटवा स्थित शिवधर अनूठा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में लाखों रुपये से बना बास्केटबॉल कोर्ट रखरखाव के अभाव में बदहाल है. खिलाड़ियों ने सफाई और मरम्मत की मांग की है.

By Aaruni Thakur | July 2, 2026 6:06 PM

मोतिहारी के कोटवा से शिवम कुमार की रिपोर्ट

Motihari News: युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से बनाया गया बास्केटबॉल कोर्ट अब खुद बदहाली की तस्वीर बन गया है. मोतिहारी के कोटवा प्रखंड स्थित शिवधर अनूठा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में लाखों रुपये की लागत से तैयार कोर्ट रखरखाव के अभाव में झाड़ियों से घिर गया है.

मैदान की यह स्थिति स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों में नाराजगी का कारण बनी हुई है. उनका कहना है कि जिस खेल सुविधा से युवा खिलाड़ियों को लाभ मिलना था, वही अब उपेक्षा का शिकार हो गई है.

ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा

अभ्यास करने से कतराने लगे खिलाड़ी

स्थानीय खिलाड़ियों के अनुसार कोर्ट के चारों ओर घनी झाड़ियां उग आई हैं. नियमित सफाई नहीं होने के कारण यहां अभ्यास करना मुश्किल हो गया है.

ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों में सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है. ऐसे में अभिभावक भी बच्चों को वहां खेलने भेजने से बचते हैं.

सरकारी धन का उद्देश्य अधूरा

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर खेल सुविधाएं विकसित कर रही है, लेकिन रखरखाव की कमी के कारण कई परियोजनाएं अपना उद्देश्य पूरा नहीं कर पा रही हैं.

उनका कहना है कि समय रहते मैदान की सफाई और मरम्मत नहीं कराई गई तो यह पूरी तरह अनुपयोगी हो सकता है.

ये भी पढ़ें: कहीं आपकी खरीदी हुई पुरानी गाड़ी चोरी की तो नहीं? खरीदने से पहले जरूर करें ये काम, नहीं तो पड़ सकते हैं कानूनी लफड़े में

ग्रामीणों ने उठाई यह मांग

स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से मांग की है कि बास्केटबॉल कोर्ट की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए, झाड़ियों की कटाई की जाए और आवश्यक मरम्मत कराकर इसे फिर से खेल योग्य बनाया जाए.

ग्रामीणों का कहना है कि इससे युवा खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का माहौल मिलेगा और खेल सुविधाओं पर खर्च की गई सरकारी राशि का उद्देश्य भी पूरा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में दाखिल-खारिज व्यवस्था बेपटरी, 20 हजार से ज्यादा आवेदन लंबित, मुशहरी सबसे बदहाल