गोढ़वा चौक ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा, 20 लाख के गहने बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

Motihari News: गोढ़वा चौक ज्वेलरी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार लुटेरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य के लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और दो अपाचे बाइक भी बरामद की हैं.

By Purushottam Kumar | July 3, 2026 6:51 PM

मोतिहारी से सुजीत कुमार पाठक की रिपोर्ट

Motihari News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चर्चित गोढ़वा चौक ज्वेलरी लूटकांड का पूर्वी चंपारण पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है. विशेष जांच दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए लूट में शामिल चार अपराधियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं.

घर लौट रहे ज्वेलरी कारोबारी से हुई थी 20 लाख की लूट

पुलिस के अनुसार पिछले महीने रात करीब 10 बजे ‘आकाश ज्वेलर्स’ के संचालक शिवजी साह दुकान बंद कर पतौरा लाला टोला स्थित अपने घर लौट रहे थे. गोढ़वा गैस गोदाम रोड के समीप दो अपाचे बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर गिरा दिया और हथियार के बल पर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए. बैग में करीब 125 ग्राम सोना और 5 किलोग्राम चांदी के आभूषण थे.

CCTV और सर्विलांस से पुलिस को मिला सुराग

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर डीएसपी-2 जीतेश पांडेय की निगरानी तथा मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, मोबाइल सर्विलांस तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की.

चार लुटेरे और एक सुनार गिरफ्तार

पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता एवं लाइनर गोलू कुमार, बैग छीनने वाला मुख्य आरोपी श्रीराम कुमार, बाइक चालक अनिल कुमार तथा रेकी और बैकअप देने वाले संजय कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चोरी के आभूषण खरीदने वाले सुनार अवधेश शाह को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

लूटे गए गहने और दो अपाचे बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की हैं. पुलिस का कहना है कि बरामद आभूषणों की पहचान कर उन्हें विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत पीड़ित को लौटाया जाएगा.

स्पीडी ट्रायल चलाकर दिलाई जाएगी सजा

सदर डीएसपी-2 जीतेश पांडेय ने बताया कि पुलिस ने इस कांड को चुनौती के रूप में लिया था. इस कार्रवाई से न केवल चर्चित ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा हुआ है, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के एक गिरोह का भी पर्दाफाश हुआ है. सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से उन्हें शीघ्र सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.