मोतिहारी: बिजली और पेयजल संकट से फूटा लोगों का गुस्सा, गुस्साए लोगों ने NH-27 किया जाम

Motihari News: मोतिहारी में छह दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने और पेयजल संकट गहराने से नाराज लोगों ने शनिवार को NH-27 जाम कर दिया. प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. जानिए खबर विस्तार से…

By Purushottam Kumar | June 7, 2026 3:09 PM

Motihari News:  जिले में पिछले छह दिनों से जारी बिजली संकट के खिलाफ शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. मठिया, मीना बाजार और खुदा नगर समेत कई इलाकों के सैकड़ों लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) को जाम कर दिया. प्रदर्शन के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

6 दिन से खराब पड़ा है ट्रांसफार्मर

स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके का मुख्य ट्रांसफार्मर पिछले छह दिनों से जला हुआ है. इसके कारण पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप है. भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है.

बिजली के साथ गहराया पेयजल संकट

बिजली आपूर्ति बाधित होने से समरसेबल और मोटर पंप भी बंद पड़े हैं. इससे इलाके में पेयजल संकट गहरा गया है. लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया.

घंटों जाम में फंसे रहे यात्री

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी. इसके कारण NH-27 पर घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया.

मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट