Motihari: सुलह से इंकार पर युवक की ईंट से पीटकर हत्या, गांव में सनसनी

मोतिहारी में सुलह से इंकार करना एक युवक को भारी पड़ गया. दरवाजे पर ही उसे पीट-पीटकर मार डाला गया. पढ़ें पूरी खबर…

By Sarfaraz Ahmad | April 30, 2026 5:53 PM

Motihari News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़हरवा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 42 वर्षीय कमलेश राय की ईंट-पत्थर से पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

दरवाजे पर बैठे कमलेश राय पर हमला

मृतक की पत्नी मीनता देवी के आवेदन पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. उन्होंने गांव के ही राजेश राय, संतोष राय, बली राय, ह्दया राय समेत दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है. आरोप है कि सभी हमलावर बुधवार रात कमलेश के दरवाजे पर पहुंचे और पुराने केस में सुलह का दबाव बनाने लगे. सुलह से इंकार करने पर आरोपियों ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और सीने पर ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या कर दी.

पहले भी फरसा से किया गया था हमला

परिजनों के अनुसार, 16 अप्रैल 2025 को भी इन्हीं लोगों ने कमलेश पर फरसा से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनका इलाज पटना से लेकर दिल्ली तक चला था और वह पूरी तरह स्वस्थ भी नहीं हुए थे. उसी मामले में लगातार सुलह का दबाव बनाया जा रहा था.

थानाध्यक्ष सह ट्रेनी डीएसपी कुमारी प्रियंका ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: राजाबाजार में वकील से छीनी सोने की चेन, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई घटना