Motihari DM TB: जिलाधिकारी बने निक्षय मित्र, पांच टीबी मरीजों को प्रदान की पोषण किट

Motihari DM TB: जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने खुद निक्षय मित्र बनकर पांच टीबी मरीजों को पोषण किट बांटी. जिले में 10 लाख लोगों की टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है और लोगों से निक्षय मित्र बनने की अपील की गई है.

By सुनील कुमार सिंह | July 2, 2026 3:04 PM

मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट

Motihari DM TB: निक्षय मित्र योजना यानी टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने एक बड़ी पहल की है. उन्होंने खुद निक्षय मित्र बनते हुए पांच टीबी मरीजों को विशेष पोषण किट प्रदान की. निक्षय मित्र योजना का मुख्य उद्देश्य टीबी से पीड़ित मरीजों को अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है. इस योजना के तहत समाज के विभिन्न वर्गों के लोग निक्षय मित्र बनकर मरीजों की मदद कर रहे हैं.

जिला को टीबी मुक्त बनाना प्रशासन का मुख्य संकल्प: डीएम

इस विशेष अवसर पर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि पूरे जिले को टीबी मुक्त बनाना जिला प्रशासन का मुख्य संकल्प है. उन्होंने मोतिहारी के तमाम सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों से भावुक अपील की है. डीएम ने कहा कि सभी लोग अधिक से अधिक संख्या में आगे आएं और निक्षय मित्र बनकर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करें ताकि मरीजों को नियमित रूप से जरूरी पोषण आहार मिल सके.

जिले में 10 लाख लोगों की स्क्रीनिंग का रखा गया है लक्ष्य

जिलाधिकारी ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पूर्वी चम्पारण जिले में कुल 10 लाख लोगों की स्क्रीनिंग का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके अंतर्गत जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, विद्यालयों, महादलित बस्तियों तथा टीबी से प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगी. इस महाअभियान के दौरान जिन मरीजों में टीबी की पुष्टि होगी, उन्हें आवश्यकतानुसार पूरी तरह निःशुल्क उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच, इस नंबर पर करें संपर्क

डीएम ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी या बुखार रहे, तो वह तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराए. टीबी की पुष्टि होने पर दवाओं का पूरा कोर्स बिना बीच में छोड़े पूरा करें. निक्षय मित्र बनने के इच्छुक व्यक्ति अधिक जानकारी के लिए संचारी रोग पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा केंद्र, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी के मोबाइल नंबर 9431639196 पर संपर्क कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: सिसवा उर्दू स्कूल के शिक्षक पर पहचान छुपाकर नौकरी पाने का आरोप, त्रि-सदस्यीय समिति करेगी जांच