Motihari: पोल पर काम कर रहे कर्मी की मौत, बिजली मरम्मत के दौरान हादसा

बिजली पोल पर काम करते समय हुआ बड़ा हादसा… करंट लगने से कर्मी की मौत… इलाके में अफरा-तफरी…

By Sarfaraz Ahmad | May 5, 2026 6:19 PM

Motihari News: चकिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से एक कर्मी की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, चकिया बाईपास के पास बिजली विभाग का एक मानव बल कर्मी शहजाद पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था. इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल चकिया लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं.

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. मृतक की पहचान मेहसी थाना क्षेत्र के रामपुर शंकर गांव, वार्ड संख्या 4 निवासी शहजाद के रूप में की गई है.

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है, जबकि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है. फिलहाल, इस मामले में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

रिपोर्ट: सुजीत पाठक, मोतिहारी