Motihari: मधुबन विधायक राणा रणधीर का मोबाइल हैक, जालसाज मांग रहे 28 हजार रुपये

मधुबन में विधायक राणा रणधीर का मोबाइल हैक हो गया है. जालसाज उनके नाम से लोगों से 28 हजार रुपये मांग रहे हैं. पढ़ें पूरी खबर...

By Sarfaraz Ahmad | May 16, 2026 4:15 PM

Motihari News: मधुबन (पूर्वी चंपारण) में भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री राणा रणधीर सिंह का मोबाइल नंबर साइबर जालसाजों द्वारा हैक कर लिया गया है. हैक होते ही जालसाज उनके नाम से लोगों को मैसेज भेजकर पैसे की मांग करने लगे, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है.

हैक हुए मोबाइल से पैसे मांगने का मैसेज

जानकारी के अनुसार, विधायक के मोबाइल नंबर से मैसेज भेजा जा रहा है. संदेश में लिखा गया है, “एक छोटी सी हेल्प चाहिए, अर्जेंट है, 28 हजार ऑनलाइन पेमेंट हो पाएगा.” जालसाजों ने बैंक खाता, मोबाइल नंबर और नाम साझा कर पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा.

सोशल मीडिया और साइबर सेल पर जांच

मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने तुरंत मोतिहारी एसपी, पकड़ीदयाल डीएसपी और मधुबन थाना को सूचित किया. साथ ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जनता से सतर्क रहने की अपील की. पुलिस और साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जनता से सतर्क रहने की अपील

विधायक राणा रणधीर ने साफ कहा कि उनके नाम पर कोई भी पैसे की मांग की जा रही है, उस पर ध्यान न दें और रकम ट्रांसफर न करें. पुलिस जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि जालसाजों ने विधायक के परिचितों और समर्थकों को निशाना बनाकर ठगी की योजना बनाई थी.

मोतिहारी, मधुबन से शशि चंद्र तिवारी की रिपोर्ट