दरपा में सीएसपी से नहीं हुई थी लूट, पैसा गबन करने के लिए दर्ज कराया था फर्जी मुकदमा
दरपा में पीएनबी के सीएसपी लूटकांड का चौकाने वाला खुलासा हुआ है. संचालक ने पैसा गबन करने के लिए फर्जी लूटकांड का मुकदमा थाने में दर्ज कराया था.
By Prabhat Khabar News Desk |
May 6, 2024 10:31 PM
पुलिस ने वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान कर किया खुलासा, संचालक गिरफ्तार
...
मोतिहारी . दरपा में पीएनबी के सीएसपी लूटकांड का चौकाने वाला खुलासा हुआ है. संचालक ने पैसा गबन करने के लिए फर्जी लूटकांड का मुकदमा थाने में दर्ज कराया था. पुलिस ने वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान कर फर्जी लूटकांड का खुलासा करते हुए सीएसपी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि रविवार को दरपा में संचालित पीएनबी बैंक के सीएसपी संचालक लखौरा निवासी ने हथियार बंद अपराधियों द्वारा 50 हजार रुपये लूटने की सूचना थाने को दी,जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया. रक्सौल डीएसपी धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया तो घटना का परत दर परत खुलासा होते चला गया. लूटकांड का एक भी साक्ष्य नहीं मिला. संचालक से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने मनगढ़त कहानी का सारा चिठ्ठा खोल दिया. उसने बताया कि पैसा गबन करने के लिए सीएसपी से लूट की मनगढ़त कहानी बना पुलिस को गलत सूचना दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार संचालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छापेमारी में रक्सौल डीएसपी धीरेंद्र कुमार, दरपा थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी, दारोगा नीतीश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है