Motihari: ढाका के विक्रमपुर डमार मैदान में होगा 60 फीट ऊंचा रावण दहन

विजयादशमी के अवसर पर ढाका प्रखंड के विक्रमपुर डमार मैदान में साठ फीट ऊंचे रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है.

By RANJEET THAKUR | September 28, 2025 5:39 PM

सिकरहना. विजयादशमी के अवसर पर ढाका प्रखंड के विक्रमपुर डमार मैदान में साठ फीट ऊंचे रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. पटना से आये कलाकारों द्वारा रावण दहन के लिए पुतला निर्माण का कार्य आरंभ कर दिया गया है. इसका आयोजन डमार दुर्गा पूजा समिति भैरो स्थान विक्रमपुर द्वारा किया जा रहा है.डमार दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सिकन्दर ए आजम ने बताया कि पूजा समिति द्वारा चार दिवसीय 29 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक डमार दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान चारों दिन धार्मिक अनुष्ठान, लोक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुति, सामुहिक भजन कीर्तन का आयोजन होगा. महोत्सव का मुख्य आकर्षण 60 फीट ऊंचे रावण दहन कार्यक्रम रहेगा. अध्यक्ष सिकन्दर ने बताया कि डमार दुर्गा पूजा महोत्सव हिन्दू मुस्लिम एकता एवं गंगा जमुनी तहजीब का प्रतीक है.यह पर्व आस्था, संस्कृति, एवं भाईचारे का जीवंत उत्सव बनेगा. उम्मीद है कि महोत्सव सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देगा और समाज में शांति, सौहार्द व एकता का संदेश फैलाने में कामयाब होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है