4 लाख से ज्यादा छात्रों को मिला लोन, जानें क्या है PM विद्यालक्ष्मी योजना
PM Vidyalaxmi Scheme: केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना का मकसद ऐसे छात्रों की मदद करना है जो पैसों की कमी की वजह से अपनी पढ़ाई बीच में नहीं छोड़ना चाहते. हाल ही में शिक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस योजना के तहत अब तक 4 लाख से ज्यादा छात्रों को शिक्षा लोन दिया जा चुका है. इसमें 5 लाख से अधिक लोन आवेदन स्वीकार किए गए हैं.
PM Vidyalaxmi Scheme: शिक्षा मंत्रालय की तरफ से एक पोस्ट शेयर कर जानकारी दी गई है कि 16,108 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि पहुंचाई गई है. इसके अलावा Digital Rupee Wallet के जरिए 55 करोड़ रुपये से ज्यादा की ब्याज सब्सिडी भी सीधे छात्रों के खाते तक पहुंचाई गई है. आइए जानते हैं पीएम विद्यालक्ष्मी योजना (PM Vidyalaxmi Scheme) क्या है.
What is PM Vidyalaxmi Scheme: क्या है प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना?
प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना छात्रों के लिए शुरू की गई एक डिजिटल शिक्षा लोन योजना है. इसका उद्देश्य यह है कि योग्य छात्र बिना किसी संपत्ति को गिरवी रखे और बिना किसी गारंटर के अपनी उच्च शिक्षा के लिए लोन ले सकें. इस योजना के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है.
इस योजना का लाभ उठाने के लिए छात्र आवेदन कर सकते हैं और अलग-अलग बैंकों के शिक्षा लोन विकल्प देख सकते हैं. इस योजना के तहत कॉलेज की फीस के साथ-साथ हॉस्टल, मेस, लैपटॉप, किताबें और पढ़ाई से जुड़े दूसरे जरूरी खर्चों के लिए भी लोन लिया जा सकता है.
PM Vidyalaxmi Scheme Benefits: इस योजना के फायदे
प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना में छात्रों को कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं. खास बात ये है कि इस लोन के लिए किसी संपत्ति को गिरवी रखने या गारंटर देने की जरूरत नहीं होती. 7.5 लाख रुपये तक के लोन पर सरकार की तरफ से 75 प्रतिशत तक की क्रेडिट गारंटी दी जाती है.
शिक्षा मंत्रालय ने दी PM Vidyalaxmi की जानकारी
विद्यार्थियों के लिए विद्यालक्ष्मी📚
— Ministry of Education (@EduMinOfIndia) July 2, 2026
अब उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण तक पहुँचना हुआ और भी आसान।
PM-विद्यालक्ष्मी छात्रों को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक प्रक्रिया के माध्यम से शिक्षा ऋण प्राप्त करने में सहायता प्रदान करता है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें:… pic.twitter.com/DEQbG7nBQJ
जिन परिवारों की सालाना आय 8 लाख रुपये तक है, उन्हें पढ़ाई की अवधि और उसके बाद एक साल तक 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ मिलता है. अगर परिवार की सालाना आय 4.5 लाख रुपये तक है और छात्र तकनीकी या प्रोफेशनल कोर्स कर रहा है, तो उसे दूसरी सरकारी योजना के तहत पूरी ब्याज सब्सिडी भी मिल सकती है.
PM Vidyalaxmi Scheme Eligibility: कौन कर सकता है अप्लाई?
- इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए और उसकी उम्र 18 से 23 साल के बीच होनी चाहिए.
- छात्र का चयन सरकार द्वारा तय किए गए 860 उच्च शिक्षण संस्थानों में से किसी एक में मेरिट के आधार पर होना चाहिए.
- छात्र ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सरकारी स्कूल से पूरी की हो.
- 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी पाने के लिए परिवार की सालाना आय 8 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए.
- आवेदक पहले से किसी दूसरी केंद्रीय या राज्य सरकार की समान ब्याज सब्सिडी या स्कॉलरशिप स्कीम का लाभ नहीं ले रहा हो.
PM Vidyalaxmi Scheme Details Check Here
पीएम विद्यालक्ष्मी के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
पीएम विद्यालक्ष्मी योजना में आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं. इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और पता प्रमाण पत्र शामिल हैं. इसके अलावा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट, कॉलेज का एडमिशन ऑफर लेटर, फीस का विवरण और आय प्रमाण पत्र भी देना होता है.
यह भी पढ़ें: जेब नहीं, टैलेंट तय करेगा भविष्य, ओडिशा में छात्रों की पढ़ाई होगी फ्री
