अपनी कहानी दुनिया तक पहुंचाने का मौका, Netflix लेकर आया NextGen India राइटर्स प्रोग्राम

Netflix NextGen India Writers Program: अगर आपके पास ऐसी कहानी है जो लोगों के दिल को छू सकती है और आप उसे बड़े पर्दे या OTT पर देखना चाहते हैं, तो आपके लिए शानदार मौका है. Netflix ने भारत में पहली बार Netflix NextGen India Writers' Program शुरू किया है.

By Ravi Mallick | July 6, 2026 4:49 PM

Netflix NextGen India Writers Program: नेटफ्लिक्स के इस प्रोग्राम का मकसद देश के नए और उभरते हुए राइटर्स को पहचान देना और उन्हें प्रोफेशनल तरीके से कहानी लिखने की ट्रेनिंग देना है. इस पहल के जरिए चुने गए प्रतिभागियों को अपनी कहानी को Netflix सीरीज में बदलने का अवसर मिलेगा. इस प्रोग्राम के लिए आवेदन 1 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं और 1 सितंबर 2026 तक किए जा सकते हैं.

Netflix NextGen India Writers Program के लिए कौन कर सकता है अप्लाई?

यह प्रोग्राम उन राइटर्स के लिए है जिनके पास प्रोफेशनल राइटिंग का अधिकतम 3 साल का अनुभव है. चयनित उम्मीदवारों के लिए 2 महीने का हाइब्रिड प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा. इसमें इंडस्ट्री के अनुभवी एक्सपर्ट्स की ओर से मेंटरशिप, वर्कशॉप और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी. इस दौरान प्रतिभागी अपनी कहानी के आइडिया को एक प्रोफेशनल सीरीज कॉन्सेप्ट और सीरीज बाइबल में बदलना सीखेंगे.

क्यों खास है ये Netflix NextGen India Writers Program?

पिछले कुछ वर्षों में भारत की कहानियों को दुनियाभर में काफी पसंद किया गया है. अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों पर आधारित भारतीय कंटेंट को ग्लोबल दर्शकों तक पहुंचाने में Netflix की बड़ी भूमिका रही है. इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कंपनी अब नए राइटर्स को मौका देना चाहती है ताकि आने वाले समय की बेहतरीन कहानियां सामने आ सकें.

Netflix India की कंटेंट वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल का कहना है कि हर शानदार कहानी की शुरुआत एक लेखक से होती है. भारत में ऐसे कई प्रतिभाशाली लोग हैं जिनके पास बेहतरीन कहानियां हैं, लेकिन उन्हें अब तक सही मंच नहीं मिला. यह प्रोग्राम ऐसे ही टैलेंट को आगे लाने के लिए शुरू किया गया है.

Netflix NextGen India Writers में कैसे होगा सेलेक्शन?

पहले राउंड में आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवारों को अंग्रेजी में कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे. जैसे-

  • “Stranded in a Lifeboat” विषय पर 5 से 10 पेज का राइटिंग चैलेंज.
  • एक ओरिजिनल राइटिंग सैंपल.
  • इसमें टीवी स्क्रिप्ट, फिल्म स्क्रीनप्ले या प्ले शामिल हो सकता है.
  • 250 शब्दों तक की क्रिएटिव बायोग्राफी, जिसमें बताना होगा कि आप किस तरह की कहानियां लिखना चाहते हैं.
  • जो उम्मीदवार पहले राउंड में चुने जाएंगे, उन्हें दूसरे राउंड के लिए अपनी सीरीज के आइडिया का अधिकतम 1 पेज का सिनॉप्सिस भेजना होगा.

भारत इस पहल की मेजबानी करने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया है. इससे पहले यह प्रोग्राम फ्रांस और नीदरलैंड्स में आयोजित किया जा चुका है. ऐसे में भारतीय राइटर्स के लिए यह एक बड़ा प्लेटफॉर्म है, जहां उनकी क्रिएटिविटी को नई पहचान मिल सकती है

यह भी पढ़ें: BPSC में NCERT से तैयार करें बेसिक, इन चैप्टर से पूछे जाते हैं सबसे ज्यादा सवाल