IIT या NIT? JoSAA काउंसलिंग में सिर्फ ब्रांड नहीं, इन 5 बातों का रखें ध्यान

IIT vs NIT: JEE Advanced 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. आज से यानी 2 जून 2026 से जोसा काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है. जानें IIT और NIT में से किसे चुनें. JoSAA काउंसलिंग में चॉइस फिलिंग से पहले जान लें ये 5 जरूरी बातें.

By Smita Dey | June 2, 2026 12:16 PM

IIT vs NIT: जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही होता है अगर IIT और NIT दोनों का विकल्प मिले, तो किसे (IIT vs NIT) चुनें. कई छात्र सिर्फ नाम देखकर फैसला कर लेते हैं, लेकिन सही डिसीजन आपकी रैंक, ब्रांच, प्लेसमेंट और करियर गोल पर निर्भर करता है. जोसा काउंसलिंग में एक छोटी गलती भी आगे चलकर बड़ा फर्क डाल सकती है. ऐसे में समझदारी से फैसला लेना जरूरी है. 

IIT vs NIT: सबसे पहले अपनी रैंक को समझें

जोसा काउंसलिंग में कॉलेज सिलेक्ट करने से  पहले यह देखना जरूरी है कि आपकी रैंक किस लेवल की है. अगर आपकी अच्छी रैंक है और टॉप IITs में पसंदीदा ब्रांच मिलने की संभावना है, तो IIT एक मजबूत विकल्प हो सकता है. लेकिन अगर कम पसंद की ब्रांच मिल रही है और दूसरी तरफ टॉप NIT में मनचाही ब्रांच मिल रही है, तो जल्दबाजी में फैसला न लें. कई छात्र सिर्फ IIT का टैग पाने के लिए ऐसी ब्रांच ले लेते हैं जिसमें उनकी रुचि नहीं होती. बाद में उन्हें पढ़ाई और करियर दोनों में परेशानी होती है.

कॉलेज का नाम नहीं, ब्रांच भी है जरूरी

कई बार छात्र इस कंफ्यूजन में रहते हैं कि पुराने IIT में कम पसंद की ब्रांच लें या अच्छे NIT में पसंदीदा ब्रांच. अगर आपका इंटरेस्ट किसी खास फील्ड जैसे कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स या मैकेनिकल में है, तो उसी हिसाब से चुनाव करें. उदाहरण के लिए, आपको किसी नए IIT में कम पसंद की ब्रांच मिल रही है, लेकिन किसी अच्छे NIT में Computer Science जैसी मजबूत ब्रांच मिल रही है, तो NIT बेहतर विकल्प साबित हो सकता है.

प्लेसमेंट और अवसरों की तुलना करें

IITs में आमतौर पर रिसर्च, इंटरनेशनल एक्सपोजर और बड़ी कंपनियों के मौके ज्यादा देखने को मिलते हैं. वहीं टॉप NITs भी प्लेसमेंट के मामले में काफी मजबूत हैं. इसलिए सिर्फ दूसरों की बातों पर भरोसा न करें, बल्कि पिछले सालों के प्लेसमेंट रिकॉर्ड और औसत पैकेज जरूर देखें. हर कॉलेज का माहौल, इंटर्नशिप के अवसर और इंडस्ट्री कनेक्शन अलग होते हैं. इसलिए फैसला करने से पहले पूरी जानकारी लेना जरूरी है. 

लोकेशन और फीस को भी नजरअंदाज न करें

कई छात्र सिर्फ कॉलेज का नाम देखकर चुन लेते हैं, लेकिन लोकेशन और खर्च भी अहम भूमिका निभाते हैं. अगर कोई कॉलेज घर से बहुत दूर है या वहां रहने का खर्च ज्यादा है, तो पहले सोच लें फिर डिसीजन लें. 

IIT vs NIT: जोसा चॉइस फिलिंग में जल्दबाजी न करें

JoSAA counselling में चॉइस फिलिंग सबसे अहम स्टेप होता है. अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच को सही क्रम में भरें. पिछले साल की closing rank जरूर देखें. इससे सीट मिलने की संभावना बेहतर होती है. 

यह भी पढ़ें: आज से शुरू हुई JoSAA काउंसलिंग, इन स्मार्ट टिप्स के साथ चुनें अपना ड्रीम कॉलेज