बिहार-झारखंड में इन कोर्स का बढ़ा क्रेज, 12वीं के बाद बन सकते हैं करियर का मजबूत आधार

Best Courses After 12th: बिहार-झारखंड में 12वीं के बाद इन कोर्सेज की काफी डिमांड है. जानें कौन सा कोर्स करना आपके लिए बेस्ट हो सकता है. नीचे कोर्स की पूरी डिटेल्स दी गई है.

By Smita Dey | July 2, 2026 9:14 AM

Best Courses After 12th: 12वीं पास करने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आगे कौन-सा कोर्स किया जाए, जिससे अच्छी नौकरी मिलने की संभावना बढ़ जाए. पहले जहां छात्र केवल इंजीनियरिंग, मेडिकल या सामान्य ग्रेजुएशन तक ही सीमित रहते थे, वहीं अब समय बदल चुका है. बिहार और झारखंड में भी इंडस्ट्री, हेल्थकेयर, आईटी और स्किल बेस्ड सेक्टर तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में कुछ कोर्स ऐसे हैं जिनकी मांग लगातार बढ़ रही है और आने वाले साल में इनमें करियर के अच्छे अवसर भी देखने को मिल सकते हैं. 

Best Courses After 12th: पैरामेडिकल कोर्स

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने के साथ बिहार और झारखंड में पैरामेडिकल प्रोफेशनल्स की जरूरत लगातार बढ़ रही है. 12वीं (साइंस) के बाद छात्र डीएमएलटी (DMLT), एक्स-रे टेक्नोलॉजी, ऑपरेशन थिएटर टेक्निशियन, रेडियोलॉजी और फिजियोथेरेपी जैसे कोर्स कर सकते हैं. इन कोर्स के बाद सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों में भी नौकरी के अच्छे अवसर मिलते हैं. 

आईटी और कंप्यूटर कोर्स

डिजिटल इंडिया और ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ने से आईटी सेक्टर में रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं. अगर आपकी रुचि कंप्यूटर में है, तो बीसीए (BCA), डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, वेब डेवलपमेंट, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे कोर्स आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं. इन क्षेत्रों में फ्रीलांसिंग और रिमोट जॉब्स की संभावनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं. 

एग्रीकल्चर और फूड टेक्नोलॉजी

बिहार और झारखंड कृषि प्रधान राज्य हैं. ऐसे में बीएससी एग्रीकल्चर, फूड टेक्नोलॉजी, डेयरी टेक्नोलॉजी और हॉर्टिकल्चर जैसे कोर्स (Best Courses After 12th) की मांग भी बढ़ रही है. इन कोर्स के बाद सरकारी विभागों, कृषि कंपनियों, रिसर्च इंस्टीट्यूट और एग्री-बिजनेस सेक्टर में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं. 

होटल मैनेजमेंट और टूरिज्म

पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर धीरे-धीरे विस्तार कर रहा है. होटल, रेस्टोरेंट, एयरलाइन और ट्रैवल इंडस्ट्री में एजुकेटेड युवाओं की जरूरत लगातार बनी रहती है. 12वीं के बाद होटल मैनेजमेंट, ट्रैवल एंड टूरिज्म या फूड प्रोडक्शन से जुड़े कोर्स करके इस फील्ड में करियर बनाया जा सकता है. 

Best Courses After 12th: नर्सिंग और हेल्थकेयर

हेल्थ सेक्टर में हमेशा प्रशिक्षित कर्मचारियों की जरूरत रहती है. बीएससी नर्सिंग, जीएनएम (GNM) और एएनएम (ANM) जैसे कोर्स करने वाले छात्रों के लिए गवर्नमेंट और प्राइवेट दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहते हैं. खासकर बिहार और झारखंड में नए अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के खुलने से इस क्षेत्र में मांग बढ़ी है. 

स्किल बेस्ड और वोकेशनल कोर्स

हर स्टूडेंट लंबी पढ़ाई नहीं करना चाहता. ऐसे स्टूडेंट्स के लिए स्किल बेस्ड कोर्स अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं. इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, ऑटोमोबाइल, रेफ्रिजरेशन, सोलर टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे आईटीआई और अन्य वोकेशनल कोर्स कम समय में रोजगार योग्य स्किल सिखाते हैं. 

यह भी पढ़ें: बदल रहा है जॉब मार्केट, इन 10 नौकरियों की रहेगी डिमांड