बंगाल में आफत की बारिश, 60 से अधिक पेड़ गिरे, कोलकाता के कई रूटों पर ट्रैफिक प्रभावित

West Bengal Weather: मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता समेत बंगाल के बड़े हिस्से में बुधवार को भी मध्यम से भारी बारिश के साथ 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया गया है.

By Ashish Jha | June 24, 2026 7:50 AM

कोलकाता से शिव कुमार राउत की रिपोर्ट

West Bengal Weather: कोलकाता महानगर समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार को दोपहर से गरज के साथ तेज बारिश हो रही है. रूक-रूक कर हो रही तेज आंधी के साथ भारी बारिश की वजह के महानगर में कई जगहों पर पेड़ उखड़ गये. इससे यातायात बाधित हुई है. लोगों को जल जमान से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

दोपहर बाद शुरू हुई बारिश

कोलकाता नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर में घने बादल छाने के साथ करीब दो बजे कोलकाता में बारिश की शुरुआत हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में व्यापक व्यवधान भी पैदा हो गया. उत्तर कोलकाता के ठनठनिया, एमजी रोड, पार्क स्ट्रीट सह विधानसभा के पास जलजमाव हो गया है.

60 से अधिक पेड़ गिरे

शहर के कई इलाकों में जल-जमाव हो गया, जबकि तेज हवा के कारण एस्प्लेनेड, कलकत्ता उच्च न्यायालय, पार्क स्ट्रीट, मेयो रोड, रवींद्र सरोवर समेत मध्य कोलकाता के पास कई जगहों पर 60 से अधिक पेड़ उखड़ गये, जिससे यातायात बाधित हो गया और सड़कों पर जाम लग गया.

पेड़ गिरने से मूर्ति क्षतिग्रस्त

निगम सूत्रों के अनुसार, डफरिन रोड पर मूर्ति का एक अस्थायी ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उच्च न्यायालय परिसर में खड़ी कुछ गाड़ियों पर एक पेड़ गिर गया. कुछ जगहों पर बिजली के तार पर भी पेड़ गिर गये. निगम के कर्मचारी प्रभावित इलाकों में पहुंचे और यातायात बहाल करने के लिए गिरे हुए पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

बंगाल में कई जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि आंधी-तूफान और बारिश से हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पुरुलिया जिले भी प्रभावित हुए हैं. मौसम विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और नदिया के कुछ हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया.

Also Read: बंगाल का मौसम: तबाही की बारिश, पहाड़ों में भूस्खलन, दुड़िया पुल ध्वस्त, दार्जिलिंग-सिलीगुड़ी संपर्क ठप