पश्चिमी सिंहभूम : त्योहारों और परीक्षाओं से पहले प्रशासन अलर्ट, समाहरणालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
Review Meeting : पश्चिमी सिंहभूम में डीसी मनीष कुमार और एसपी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें विधि-व्यवस्था, पर्व-त्योहार, सफाई, सीसीटीवी और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्य के निर्देश दिए गए.
भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Review Meeting : पश्चिमी सिंहभूम जिला के उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिले की विधि-व्यवस्था संधारण एवं आगामी पर्व-त्योहारों और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठक की. बैठक नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने एवं मच्छरों के प्रभावी नियंत्रण के लिए शहर में नियमित रूप से फॉगिंग अभियान संचालित करने और साफ-सफाई की व्यवस्था सतत बनाए रखने एवं शहर और अन्य आवश्यक स्थान पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
त्योहारों को लेकर गश्ती बढ़ाने के निर्देश
पश्चिमी सिंहभूम जिले की विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाने का निर्देश दिया गया. साथ ही आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में त्योहार संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया.
चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने और जहां आवश्यकता हो वहां नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए.
आगामी परीक्षाओं की तैयारियोंं की समीक्षा
बैठक में आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. संबंधित अधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, समुचित प्रकाश व्यवस्था, बेंच-डेस्क की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिए.
उपायुक्त और एसपी ने दिए समन्वय के साथ समयबद्ध कार्य के निर्देश
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: तारा शाहदेव मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे रकीबुल को राहत नहीं, हाईकोर्ट में जमानत याचिका खारिज
यह भी पढ़ें: पलामू फैमिली डेथ केस : एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत मामले में सरकार ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
