सिमडेगा में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, दिये गये कूलिंग जैकेट

Simdega: सिमडेगा में ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत देने के लिए कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं. इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान उनकी कार्यक्षमता और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

By AmleshNandan Sinha | June 22, 2026 7:47 PM

सिमडेगा से रविकांत साहू की रिपोर्ट
Simdega: जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच घंटों सड़क पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था संभालने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए सिमडेगा पुलिस ने विशेष कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए हैं. एसपी के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यक्षमता को बेहतर बनाना है. खुले आसमान के नीचे लंबे समय तक ड्यूटी करने के कारण पुलिसकर्मियों को गर्मी से होने वाली शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक कूलिंग जैकेट का उपयोग शुरू किया गया है.

शरीर के तापमान को संतुलित रखता है कूलिंग जैकेट

जानकारी के अनुसार ये कूलिंग जैकेट शरीर के तापमान को संतुलित रखने में सहायक है. जिससे पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत मिलेगी और वे अधिक ऊर्जा एवं दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे. साथ ही हीट स्ट्रेस और अत्यधिक तापमान के दुष्प्रभावों को कम करने में भी ये जैकेट उपयोगी साबित होंगे. इस संबंध में एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. ट्रैफिक पुलिसकर्मी हर मौसम में आमजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हैं. ऐसे में उन्हें बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है.

ये भी पढ़ें…

डायन-बिसाही के शक में हत्या करने वाले को आजीवन कारावास, 26 हजार रुपये का जुर्माना

सिमडेगा में इंसानियत शर्मसार: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता की हालत नाजुक