सरायकेला-खरसावां: गर्मी और लू को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, डीसी ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

Seraikela Kharsawan: भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. सार्वजनिक स्थलों पर मिट्टी के घड़े रखे गए हैं. खराब चापाकलों की मरम्मत और जरूरतमंद इलाकों में टैंकर से जलापूर्ति की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है. 

By Sweta Vaidya | May 27, 2026 10:06 AM

सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट

Seraikela Kharsawan: सरायकेला-खरसांवा जिला प्रशासन भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के प्रकोप से आमजन को सुरक्षित रखने और नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सभी विभागों को जरूरी पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं. उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंडों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों के लिए स्वच्छ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जा रही है, इसके लिए मिट्टी का घड़ा हर जगह रखा गया है. 

उपायुक्त ने दिए निर्देश 

उपायुक्त ने पेयजल और स्वच्छता विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जितने भी चापाकल खराब पड़े हैं, उन्हें युद्धस्तर पर तुरंत ठीक किया जाए, इसके साथ ही जिन इलाकों में पानी की किल्लत है, वहां टैंकरों के माध्यम से तुरंत जलापूर्ति करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है.

प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सदर अस्पताल और सभी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में लू से प्रभावित होने वाले मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, ओआरएस घोल, बेड और चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता रहे, जिससे कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके.

जिला प्रशासन की आमजन से अपील

बढ़ते तापमान और भीषण लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है. उपायुक्त ने कहा कि अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए नागरिक घरों से बाहर निकलते समय जरूरी सावधानियां जरूर बरतें. शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या तरल पदार्थों का सेवन करते रहें. दोपहर के समय बहुत जरूरी न होने पर सीधे धूप में निकलने से पूरी तरह बचें. अगर अचानक चक्कर आना, तेज सिरदर्द या उल्टी जैसी कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या महसूस हो, तो बिना लापरवाही किए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर डॉक्टरी सलाह लें.  

यह भी पढ़ें: धनबाद जेल पहुंचकर रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो, सीबीआई जांच कराने की कही बात

यह भी पढ़ें: दो हफ्ते के अंदर जोजोबाटा में लगेगा चापाकल, अधिकारियों के साथ पहुंचे विधायक दशरथ गागराई