खरसावां में बारिश के बीच शुरू हुआ अर्जुना कप जिला फुटबॉल लीग, पूर्व CM अर्जुन मुंडा ने किया उद्घाटन

Kharsawan News: खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में अर्जुना कप जिला फुटबॉल लीग का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया. पहले मैच में चक्रधरपुर और सीतारामपुर की टीमें 1-1 से बराबरी पर रहीं. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

By AmleshNandan Sinha | July 5, 2026 8:13 PM

सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Kharsawan News: सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को खरसावां स्थित अर्जुना स्टेडियम में अर्जुना कप जिला फुटबॉल लीग का शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक स्टेडियम पहुंचे.

ग्रामीण खिलाड़ियों के जज्बे की अर्जुन मुंडा ने की सराहना

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारी बारिश के बीच जिस उत्साह और जज्बे के साथ ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी मैदान में उतर रहे हैं, वह सराहनीय है. उन्होंने कहा कि गांवों में खेल संस्कृति आज भी जीवंत है और इस क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उन्हें बेहतर अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराने की है.

पहला मुकाबला रहा ड्रॉ

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में दीनबंधु क्लब चक्रधरपुर और अर्बन सिटी सीतारामपुर के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. मैच के 21वें मिनट में दीनबंधु क्लब के अमित ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद दूसरे हाफ में अर्बन सिटी सीतारामपुर के अनुज हांसदा ने शानदार गोल दागकर मुकाबला 1-1 से बराबरी पर ला दिया. निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई और गोल नहीं हो सका और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ.

एसएमसी प्रधानगोड़ा ने दर्ज की जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में सेरेंगदा एफसी और एसएमसी प्रधानगोड़ा आमने-सामने थे. रोमांचक मुकाबले में एसएमसी प्रधानगोड़ा ने 2-1 से जीत दर्ज कर पूरे तीन अंक अपने नाम किए.

बड़ी संख्या में पहुंचे खेल प्रेमी

प्रतियोगिता के पहले मैच में रघुनाथ महतो, समीर महतो, अनुराग सोय और तपन नायक ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई. उद्घाटन समारोह के दौरान मो. दिलदार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और दर्शक मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें…

सरायकेला में JMM की बैठक: संगठन विस्तार और SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया गया टास्क

बिजली की आंख-मिचौली से बेहाल खरसावां, दो दिनों में करीब 20 घंटे बाधित रही आपूर्ति