सुभाषनगर में नारी पैड बैंक, सेनेटरी पैड बैंक सेंटर शुरू

कार्यक्रम सोनपरी एनजीओ के तत्वावधान में आयोजित किया गया.

By Prabhat Khabar News Desk | May 25, 2026 6:49 PM

डकरा. चूरी उत्तरी पंचायत के सुभाषनगर स्थित पंचायत भवन में सोमवार को महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नारी पैड बैंक सेनेटरी पैड सेंटर की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया. यह केंद्र सुभाषनगर स्थित बाल विकास विद्या मंदिर के सामने रहनेवाली मंजू कुमारी के आवास पर स्थापित किया गया है. कार्यक्रम सोनपरी एनजीओ के तत्वावधान में आयोजित किया गया. संस्था के स्टेट कोऑर्डिनेटर कमल पांडेय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और किशोरियों को सुलभ एवं सुरक्षित स्वच्छता सुविधा उपलब्ध कराना है. नारी पैड बैंक के माध्यम से मात्र पांच रुपये में कार्ड बनवा कर कोई भी महिला या किशोरी जीवनभर निःशुल्क सेनेटरी पैड प्राप्त कर सकती है.यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए लाभकारी है. केंद्र के माध्यम से अन्य कई योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी उपलब्ध कराया जायेगा, जिनमें इमरजेंसी लोन, पीएम विश्वकर्मा योजना, छात्रवृत्ति, विवाह सहायता, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा, नर्सिंग एवं शिक्षक प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं. केंद्र की जिम्मेदारी मंजू कुमारी को सौंपी गयी है, जो स्थानीय स्तर पर महिलाओं को जागरूक करने और योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य करेंगी. कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया ललिता देवी, अब्दुल्ला अंसारी, दीपशिखा देवी, कमलनाथ महतो, लवलीन बाखला आदि मौजूद थे.

मात्र पांच रुपये में कार्ड में निःशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण