राजधानी का पारा 24 घंटे में तीन डिग्री गिरा

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है.

By PRABHAT GOPAL JHA | January 31, 2026 12:31 AM

रांची. पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के मौसम में भी बदलाव हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है. सुबह में कोहरा/कुहासा छाये रहने व ठंडी हवा चलने से परेशानी हो सकती है. वहीं दिन में आंशिक बादल छाये रहेंगे व मौसम शुष्क रहेगा. अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.

तीन फरवरी को हल्की बारिश संभव

तीन फरवरी को उत्तर-पश्चिम इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. चार फरवरी को सुबह में कुहासा व दिन में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं. पांच को मौसम साफ रहेगा. शुक्रवार को राजधानी रांची के न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है. गुरुवार को रांची का न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस था, जबकि शुक्रवार को न्यूतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस हो गया. मेदिनीनगर में भी पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है. कांके का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा. इधर शुक्रवार की सुबह रांची में कोहरा छाये रहने से विमान सेवा भी प्रभावित रही. रांची की विजिबिलिटी 900 मीटर रहा, जबकि मेदिनीनगर की विजिबिलिटी 300 मीटर रही.