एचइसी सीएमडी का सरकारी क्वार्टर अटैच, होगी नीलामी

यूपी की दयाचंद इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की बकाया राशि का भुगतान नहीं करना एचइसी सीएमडी को भारी पड़ गया है.

By PRABHAT GOPAL JHA | February 4, 2026 1:00 AM

रांची. यूपी की दयाचंद इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की बकाया राशि का भुगतान नहीं करना एचइसी सीएमडी को भारी पड़ गया है. कोर्ट के आदेश पर आपूर्ति कंपनी ने एचइसी सीएमडी के सरकारी क्वार्टर को अटैच कर लिया है. अब आगे इस क्वार्टर की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. वकीलों की टीम के अनुसार, मामला वर्ष 2017 का है. दयाचंद इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज ने एचइसी को वेल्डिंग रॉड की आपूर्ति की थी, लेकिन कंपनी को उसकी बकाया राशि नहीं दी गयी.

एचइसी को बकाया राशि देने का आदेश दिया था

आपूर्ति कंपनी ने एमएसएमइ ट्रिब्यूनल, उत्तर प्रदेश में आर्बिट्रेशन केस दाखिल किया. इस पर यूपी की संबंधित कोर्ट ने 2017 में आपूर्ति कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए एचइसी को बकाया राशि देने का आदेश दिया था. इसके बाद इस फैसले के क्रियान्वयन के लिए रांची सिविल कोर्ट में एग्जीक्यूशन केस दायर किया गया. लेकिन इस मामले में एचइसी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई उपस्थिति दर्ज नहीं करायी गयी. तब लगातार अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने एकतरफा फैसला सुनाते हुए सीएमडी के क्वार्टर को अटैच करने का आदेश जारी कर दिया. इसके बाद आपूर्ति कंपनी ने कानूनी प्रक्रिया के तहत क्वार्टर को अटैच कर लिया है. अब नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया पूरी की जायेगी, ताकि बकाया राशि की वसूली की जा सके.