Crime News : हिंदपीढ़ी में लूटपाट के इरादे से पूर्व पार्षद पर फायरिंग

लोगों ने एक युवक को पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा, दो युवक फरार

By Prabhat Khabar News Desk | January 23, 2025 12:39 AM

रांची. हिंदपीढ़ी सेकेंड स्ट्रीट में बुधवार की शाम लूटपाट के इरादे से पूर्व पार्षद मो असलम पर युवकों ने फायरिंग की. हालांकि गोली मो असलम को नहीं लगी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया अौर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने घायल युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है. जबकि फायरिंग के बाद दो युवक भाग निकले. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार मो असलम ने अपने बयान में बताया है कि वह घटनास्थल पर कहीं से आकर रुके हुए थे. इसी दौरान आपराधिक प्रवृति के तीन युवक वहां पहुंचे और पैसे की मांग करते हुए लूटपाट का प्रयास करने लगे. जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी. हो-हंगामा होने पर वहां आसपास के लोग जुट गये और एक युवक को पकड़ लिया. जबकि दो युवक बचने के लिए दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करते हुए भाग निकले.

ट्रैफिक पुलिस ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

रांची. ट्रैफिक पुलिस ने जाम से मुक्ति के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ भी कार्रवाई की. बुधवार को सर्जना चौक से जयपाल सिंह स्टेडियम तथा वीमेंस कॉलेज के साइंस व आर्ट्स ब्लॉक के समीप से अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान रोड पर लगे वाहनों को जब्त किया गया. वहीं, वाहनों के शीशे पर लगी ब्लैक फिल्म को भी हटाया गया. ब्लैक फिल्म लगाने वाले वाहन मालिकों पर जुर्माना भी किया गया. अभियान में ट्रैफिक थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी व निगम कर्मी लगे हुए थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है